
Jaish-e-Mohammed: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने वडोदरा से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी मो. शाहरुल इस्लाम (22) को गिरफ्तार किया। उसके निशाने पर वडोदरा एयर फोर्स स्टेशन था। आरोपी के पाकिस्तान के हैंडलर्स से संपर्क में था और वह अकेले ही तीन-चार दिन में हमले को अंजाम देने वाला था।
गुजरात एटीएस के उप महानिरीक्षक (डीआइजी) सुनील जोशी ने बताया कि असम के करीमगंज के रहने वाले आरोपी को पुख्ता सूचना के आधार पर गुरुवार रात हालोल-वडोदरा रोड पर होटल दर्शन के पास से पकड़ा। उसके पास से एके-47 राइफल, 23 कारतूस और 20 हजार की नकदी मिली है। इसके साथ ही जैश-ए-मोहम्मद का झंडा भी मिला है। यह हथियार आरोपी दाहोद से एक 'डेड ड्रॉपÓ जगह से लेकर वडोदरा आया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी का वडोदरा में एयरफोर्स स्टेशन पर हमला करने का प्लान था। उसके पास से मिले दो मोबाइल फोन से एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें मिली हैं। आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था। हैंडलर ने ही उसे वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन का टार्गेट सौंपा था और 50 हजार रुपए की नकदी भी भेजी थी। आरोपी असम से भोपाल तक ट्रेन के जरिए और भोपाल से वडोदरा बस से पहुंचा था।
डीआइजी के मुताबिक एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात के बाहर का जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक व्यक्ति गुजरात आने वाला है। वह तीन-चार दिन में किसी संवेदनशील ठिकाने पर हमला करने वाला है। इसकी जांच करने के दौरान सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास मिलन होटल में शाहरुल ठहरने होने की सूचना मिली। टीम पहुंची तब तक वह होटल खाली कर गया था। उसने होटल में दिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड आधार के जरिए जांच की तो पता चला कि आरोपी दाहोद से वडोदरा आ रहा है। ऐसे में रूट पर नाकाबंदी की और आरोपी को वडोदरा के पास होटल दर्शन के पास से पकड़ा।
बताया जाता है कि आरोपी ने यूट्यूब पर एके-47 चलाने के तरीके से जुड़े वीडियो देखे थे। आरोपी का इरादा हमले के बाद पाकिस्तान जाने का था। इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे आतंकी नेटवर्क की तलाश जारी है। एटीएस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने मदरसा में पढ़ाई की थी। अन्य जानकारी के लिए टीम असम रवाना हो गई है।