
Raipur: राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के 10 प्रमुख नगर निगमों की सीमा से सटे गांवों के लिए बड़ा बदलाव दस्तक दे रहा है। शहरों के अनियंत्रित विस्तार (अर्बन स्प्रॉल) को व्यवस्थित करने और सरहदी गांवों को महानगरों जैसी बुनियादी सुविधाएं देने के लिए केंद्र सरकार ने शहरीकरण प्रीमियम घटक लागू किया है।
16वें वित्त आयोग की सिफारिशों पर आधारित इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक देशभर में 10 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली निगमों से संभावित विलय होने वाले गांवों की सूची मंगाकर कवायद तेज कर दी है।
अब तक गांवों को नगर निगम में शामिल तो कर लिया जाता था, लेकिन बजट के अभाव में वे वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते रहते थे। नई व्यवस्था इस खाई को पाटेगी। जिन नगर निगमों की मौजूदा आबादी एक लाख या उससे अधिक है, वे आसपास के गांवों का विलय करने पर केंद्र से एकमुश्त विशेष अनुदान पाने के पात्र होंगे।
यह राशि संबंधित गांव की वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर 2000 रुपए प्रति व्यक्ति तय की गई है। यानी, यदि रायपुर निगम के आउटर का कोई 15 हजार आबादी वाला गांव शहर में जुड़ता है, तो उसके बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए निगम को सीधे 3 करोड़ रुपए का अतिरिक्त फंड मिलेगा। इस राशि से केवल सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल पाइपलाइन, ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था ही विकसित की जा सकेगी; इसका एक भी पैसा कर्मचारियों के वेतन या दफ्तर के रखरखाव पर खर्च नहीं होगा।
सिर्फ सड़क-पानी नहीं, अर्थव्यवस्था को भी चाहिए रफ्तार: शहरी नियोजन विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना गांवों का भूगोल तो बदलेगी, लेकिन इसका असली लाभ तभी मिलेगा जब इसे रोजगार से जोड़ा जाए। रायपुर के आर्किटेक्ट मनीष पिल्लेवार के अनुसार सरहदी गांवों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ कौशल विकास, लघु उद्योग प्रशिक्षण और डिजिटल (आईटी व एआई) केंद्र भी खोले जाने चाहिए। इससे गांवों की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के लिए शहर के भीतर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
टैक्स और जमीन की कीमतों पर सीधा असर: केंद्र से फंड लेने से पहले राज्य सरकार को यह नीति बनानी होगी। इसमें स्पष्ट किया जाएगा कि गांव से शहर बनने के बाद ग्रामीणों पर संपत्ति कर, जल कर और भवन अनुज्ञा के नियम किस चरण में और कितनी दर से लागू होंगे। जानकारों के अनुसार विलय की अधिसूचना जारी होते ही इन सरहदी गांवों में जमीन की रजिस्ट्री दरों और रियल एस्टेट की मांग में तेज उछाल आना तय है। साथ ही, पंचायतों के संसाधन, संपत्ति और रेकॉर्ड निगम को हस्तांतरित होने से जमीन के नामांतरण और नक्शा पास कराने की प्रक्रिया पारदर्शी व ऑनलाइन हो जाएगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
28 Nov 2026, 2:23 AM IST
Published on:
28 Nov 2026, 2:23 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




