
Kishtwar SPO Killing: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के घने जंगलों में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) की हत्या के मामले में दर्ज FIR में अज्ञात आतंकवादियों को जिम्मेदार बताया गया है। मारे गए बॉबी चंद और रचपाल कुमार के गोलियों से छलनी शव मरवाह इलाके के जंगलों में मिले थे। घटना के बाद उनके पास मौजूद हथियार भी गायब पाए गए। इस मामले को लेकर कई नेताओं ने सवाल भी उठाए हैं। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने आशंका जताई है कि दोनों की मौत फ्रेंडली फायर यानी सुरक्षा बलों की गलती से हुई गोलीबारी में भी हो सकती है।
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, शव मिलने के बाद 12 नवंबर को सुबह 11:35 बजे मरवाह पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। FIR में कहा गया है कि अवैध हथियारों से लैस अज्ञात आतंकवादियों ने इन दो SPOs पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस मामले में हत्या, आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
FIR के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के किआर कैंप (दच्छन तहसील) में तैनात बॉबी चंद और रचपाल कुमार को मरवाह तहसील में सेना के एक अस्थायी ऑपरेटिंग बेस (TOB) में विशेष ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था। जब वे किआर-धेरना ट्रैक के रास्ते वहां जा रहे थे, तभी उन पर घात लगाकर हमला किया गया।
दोनों के लापता होने की खबर मिलने के बाद मरवाह पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) के नेतृत्व में एक तलाशी अभियान चलाया गया। 12 नवंबर को सुबह लगभग 9 बजे नहाल नार इलाके से उनके शव बरामद किए गए। FIR में कहा गया है कि उनकी हत्या अवैध हथियारों से की गई थी, जिसका मकसद दहशत फैलाना और भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करना था।
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि उन पर अलग-अलग दिशाओं से कई बार गोलियां चलाई गई थीं। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है, इसलिए उनकी मौत के हालात को लेकर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका है।
दोनों SPOs की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। BJP सहित कई राजनीतिक नेताओं ने सवाल किया है कि सीमित हथियारों वाले दो पुलिसकर्मियों को दूसरी तहसील में ड्यूटी पर क्यों भेजा गया, जहां पहुंचने के लिए उन्हें घने जंगलों और दुर्गम इलाकों से होकर सात से आठ घंटे तक पैदल चलना पड़ता है।
अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि सेना के अस्थायी ऑपरेटिंग बेस पर मदद के लिए अक्सर SPOs की दो सदस्यीय टीमें भेजी जाती हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि स्थानीय SPOs वहां के भूगोल और रास्तों से अच्छी तरह वाकिफ होते हैं। सेना किश्तवाड़ के मारवाह जैसे दूर-दराज के इलाकों में ऐसे अस्थायी बेस बनाए रखती है, ताकि वहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी और नियंत्रण बना रहे, खासकर सर्दियों के महीनों में।
इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी न देने को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठाए गए हैं। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने आशंका जताई है कि इन दो SPOs की मौत फ्रेंडली फायर का मामला हो सकती है यानी सुरक्षा बलों ने गलती से उन्हें आतंकवादी समझ लिया और उन पर गोली चला दी।
इन दोनों SPOs की हत्या के बाद किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा हालात को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। इससे पहले, सुरक्षा बलों ने साल भर चले ऑपरेशन त्राशी के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के सात सदस्यों वाले एक समूह को खत्म करने को एक बड़ी कामयाबी बताया था। मारे गए लोगों में इस समूह का कमांडर सैफुल्ला भी शामिल था।
सुरक्षा बलों और पुलिस के अनुसार, इस संगठन के जो सदस्य अभी भी जिले के दच्छन और मरवाह इलाकों में सक्रिय हैं, उनमें मोहम्मद अमीन (उर्फ जहांगीर सरूरी), रियाज अहमद (उर्फ हजारी) और मुदस्सिर हुसैन शामिल हैं। इन तीनों लोगों की गिरफ्तारी या उन्हें खत्म करने में मदद करने वाली जानकारी देने वाले के लिए 30 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की गई है।