राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान में एक्टिव 5 आतंकियों की रियासी में 17,545 वर्ग गज जमीन की जब्त

Police Action Against Terrorists: पाकिस्तान में एक्टिव 5 आतंकियों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 2:57 PM IST
Reasi police
रियासी पुलिस (Photo - IANS)

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने रियासी जिले के 5 आतंकियों की 29 कनाल (17,545 वर्ग गज) जमीन को जब्त करने का आदेश दिया है। ये पाँचों आतंकी पाकिस्तान में एक्टिव हैं। यह कार्रवाई रियासी जिले के माहोर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर नंबर 70/24 के संबंध में की गई है। इसमें BNS की धारा 61(2), 148, 149; E&IMCO की धारा 2/3; और गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) की धारा 13, 18, 20, 38 के तहत मामला दर्ज है।

रियासी पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

डीजीपी के आदेश पर आतंकवाद के खिलाफ अपनी कार्रवाई के तहत रियासी पुलिस ने पांचों आतंकियों की 29 कनाल (17,545 वर्ग गज) जमीन जब्त कर ली है। रियासी के एसएसपी मुकुंद टिबरेवाल ने इस बारे में कहा, "जैसा कि आप सभी जानते हैं, जम्मू-कश्मीर पुलिस पिछले कुछ वर्षों से आतंकी टेरर इकोसिस्टम के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत हमने रियासी में पांच JKNOPs आतंकियों की अचल संपत्तियों (जमीन) की पहचान की और आज उन्हें जब्त कर लिया। इनमें से दो संपत्तियाँ माहोर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की हैं, जबकि तीन संपत्तियाँ अरनास पुलिस स्टेशन क्षेत्र की हैं।"

ट्रेनिंग के लिए गए थे पाकिस्तान, अब वहीँ से चला रहे गतिविधियाँ

पांचों आतंकी माहोर तहसील के शाडोल का निवासी मोहम्मद कय्यूम, बिडर का निवासी बशीर अहमद, अरनास तहसील के हुंडर का निवासी शौकत अली, थुरू तहसील के खंती का निवासी मंजूर अहमद और थुरू निवासी इम्तियाज़ अहमद हथियार और गोला-बारूद के इस्तेमाल की ट्रेनिंग लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। अब वो बॉर्डर पार से ही इस इलाके में आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू करने में लगे हुए हैं।

जमीन बेचने की कोशिश कर रहे थे आतंकी

पुलिस की जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों से पता चलता है कि ये आतंकी अपनी जमीन बेचने की कोशिश कर रहे हैं और इससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल इलाके में आतंकी गतिविधियों के लिए करना चाहते हैं। डीजीपी द्वारा जारी आदेश में साफ कर दिया गया है कि अब गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 25 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आतंकियों की जमीन को जब्त करने की पूर्व मंजूरी दी जाती है।

Updated on:
25 Nov 2026, 2:57 PM IST
Published on: