
Kulgam terrorist attack: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने प्रवासी श्रमिकों को निशाना बनाया। आतंकियों ने शुक्रवार देर शाम ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, यह आतंकी हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुआ। हमले में मारे गए श्रमिकों की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवासी श्रमिकों पर हमला पहलगाम हमले की तर्ज पर किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने पहले श्रमिकों से उनके नाम पूछे, फिर उन्हें समूह से अलग किया और नजदीक से गोली मार दी। उस समय मौके पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन मृतक दोनों श्रमिक ही हिंदू थे।
आतंकी हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल तुरंत हरकत में आ गए। आतंकियों की तलाश में पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की तलाश में अभियान चला रही हैं और मामले की जांच जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकियों द्वारा प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए इस क्रूर आतंकी हमले के बाद मैंने डीजीपी नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बात की। मैं इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने सुरक्षाबलों को अपने अभियान तेज करने और आतंकियों का जल्द से जल्द सफाया करने के निर्देश दिए हैं।