
Jamui Viral Video: बिहार के जमुई जिले में बाइक सवार नाबालिग छात्र और छात्रा का कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार भी किया। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। अब इस पूरे मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि आज सुबह यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया, जिसमें दो नाबालिग छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर हमने पीड़ितों की पहचान की और उनके बयान दर्ज किए। पूछताछ में पता चला कि यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे हुई थी। दोनों दोस्त एक लड़का और एक लड़की कोचिंग के लिए गए थे और तस्वीरें खींचने के लिए उस इलाके में गए थे, जहां यह घटना हुई। यह घटना जमुई थाना क्षेत्र में हुई है।
एसपी ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हम कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ितों की ओर से कल कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। आज जब पुलिस ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने आवेदन दिया, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में छह से सात लोग दिखाई दे रहे हैं। एफआईआर में किसी का नाम नहीं है, लेकिन जांच के दौरान हमने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जमुई की घटना बेहद शर्मनाक और परेशान करने वाली है। दो नाबालिगों को रोककर उनके साथ बदसलूकी और लड़की से छेड़छाड़ की गई। दोषियों की पहचान कर POCSO के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि 19 सितंबर की घटना के बाद अब तक आरोपी गिरफ्तार क्यों नहीं हुए और शाम के समय भी लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है।
वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर लोगों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही बिहार सरकार पर भी हमला बोला है। एक्स पर पोस्ट करते हुए एक यूजर ने लिखा- यही तो है जंगलराज की तस्वीर, कानून का डर खत्म। जमुई के वायरल वीडियो में युवक-युवती को घेरकर युवती से कथित बदसलूकी का दृश्य सामने आया है। बिहार और देश के लिए शर्मनाक!
एक अन्य यूजर ने बिहार पुलिस और जमुई पुलिस को टैग करते हुए लिखा- जमुई की घटना से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है। कपल को घेरे इस भीड़ को देखिए, इन लोगों को यह तय करने का हक किसने दिया कि वे कपल हैं, बेस्ट फ्रेंड हैं, या बस दो लोग हैं जो एक-दूसरे को जानते हैं? अजनबियों को कब से यह हक मिल गया कि वे किसी और की पर्सनल लाइफ में दखल दें, उन्हें बेइज्जत करें और उनकी हदें पार करें? और बिहार पुलिस कब तक सोती रहेगी? इस घटना ने लोगों को चौंका दिया है, फिर भी जनता अभी भी ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रही है। इसमें शामिल लोगों की पहचान करें और सख्त कानूनी कार्रवाई करें। बिहार पुलिस, लोगों को जवाब और साफ कार्रवाई मिलनी चाहिए।