राष्ट्रीय

Loksabha 2024: नीतीश कुमार बनेंगे ‘INDIA’ का दूल्हा! JDU ने दिया संकेत

Nitish Kumar become pm candidate: JDU ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह नीतीश कुमार के PM उम्मीदवार होने का संकेत दे रहे हैं।
2 min read
 JDU gave indications Nitish Kumar pm candidate from INIDIA alliance


देश की विपक्षी पार्टियों ने मिलकर INDIA गठबंधन बनाया है। इस गठबंधन के सूत्रधार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। लेकिन गठबंधन बनने और गठबंधन की तीन बैठक होने के बावजूद विपक्ष की तरफ से अभी तक प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है।

ऐसे में भाजपा विपक्ष से बार-बार उनके PM कैंडिडेट को लेकर सवाल करती है। वहीं, भाजपा के इस सवाल पर जनता दल (यू) के अध्यक्ष ललन सिंह ने जवाब देते हुए अपरोक्ष रूप से नीतीश कुमार को INDIA गठबंधन का प्रत्याशी बताया है।


वीडियो शेयर कर JDU ने किया दावा

दरअसल, नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का नालंदा के हरनौत में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए भाषण का वीडियो शेयर किया है। इसमें वह नीतीश कुमार के PM उम्मीदवार होने का संकेत दे रहे हैं।

इस वीडियो में ललन सिंह नीतीश कुमार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में वह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि आप सभी ने एक ऐसा नेता इस देश को, बिहार को दिया है जो बिहार का नेतृत्व तो कर ही रहे हैं। इसके अलावा आज पूरे देश का नेतृत्व करने के लिए खड़ा है।

नीतीश कुमार के कुर्ते पर दाग नहीं

ललन सिंह ने नीतीश कुमार के समर्थन में कहा कि यहां से वे विधायक रह चुके हैं। पांच बार सांसद भी रह चुके हैं। सांसद रहते भारत सरकार में रेल मंत्री, कृषि मंत्री और परिवहन मंत्री रहें हैं। इतने दिन तक केंद्रीय मंत्री रहते आज तक किसी माई के लाल में साहस नहीं हुआ कि वह नीतीश कुमार के कपड़े पर दाग लगा दें। वह पूरी ईमानदारी से नीतीश कुमार ने सेवा की है। इसके साथ ही 17 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं।

हालांकि इस तरह के बयान देकर वह अपने गठबंधन के साथियों को नाराज ही कर रहे हैं। इसके पीछे कारण है कि राजद के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव चारा घोटाले में जेल जा चुके हैं। फिलहाल वह बीमार होने के कारण जमानत पर बाहर हैं।

ये भी पढ़ें: West Bengal: घोटाले के आरोप में TMC सांसद नुसरत जहां ED के सामने पेश, 6 घंटे तक हुई पूछताछ

Published on:
12 Sept 2023 07:30 pm