Falta Seat EVM Tape Controversy: बीजेपी ने आरोप लगाया कि कई बूथों पर ईवीएम मशीन से कमल के निशाना वाला बटन ही गायब कर दिया गया है। बीजेपी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने बड़ा एक्शन लिया है।
Bengal Election Voting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पक्षपात के आरोप लगाए हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि फालता विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम पर टेप लगा दिया गया है, इस वजह से बीजेपी उम्मीदवार का नाम छिप गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह आरोप लगाया। बीजेपी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने ऐसे बूथ पर फिर से मतदान कराने के आदेश दे दिए हैं।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए अमित मालवीय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा कि ममता बनर्जी ने जहांगीर खान का बचाव करते हुए यही बात कही थी, जो डायमंड हार्बर के फाल्टा से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहा एक अपराधी है। कई मतदान केंद्रों पर, भाजपा को वोट देने का विकल्प टेप से ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे मतदाता अपना वोट नहीं दे पा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इसे ही तथाकथित 'डायमंड हार्बर मॉडल' कहा जाता है, वही मॉडल जिसने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लोकसभा सीट जीतने में मदद की। हम फाल्टा के उन सभी प्रभावित बूथों पर तत्काल पुनर्मतदान की मांग करते हैं जहां ऐसी घटनाएं हुई हैं। ऐसे कुछ बूथों का विवरण, सबूतों के साथ, नीचे दिया गया है: फाल्टा 144, भाग 170, कमरा नंबर 2 - हरिंदांगा हाई स्कूल। बूथ 189 भी कई अन्य बूथों के साथ इसी तरह प्रभावित हुआ है।
बंगाल में चुनावों के दौरान हिंसा की खबरों के सामने आने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लोग लंबे समय से राज्य सरकार से तंग आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी टीएमसी सरकार ने पूरे राज्य में हिंसा को प्रायोजित किया और पार्टी की तुलना राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के लालू यादव के शासनकाल के दौरान बिहार के 'जंगल राज' से की।
पत्रकारों से बात करते हुए चौधरी ने कहा कि दो बातें स्पष्ट हैं: बंगाल की जनता लंबे समय से राज्य में शासन कर रही सरकार से तंग आ चुकी है। इस सरकार द्वारा प्रायोजित हिंसा को देखकर हम इसकी पहचान समझ सकते हैं। ऐसा शासन पहले बिहार में था, और अब ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल में भी वही दोहराया जा रहा है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल में राज्य चुनावों के दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है और आज दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।