Jharkhand Air Ambulance Crash: झारखंड के चतरा में बड़ा विमान हादसा: रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस क्रैश, मरीज संजय कुमार और डॉक्टर समेत 7 की मौत। परिवार ने इलाज के लिए 8 लाख का लोन लेकर बुक की थी फ्लाइट। उड़ान भरने के मात्र 23 मिनट बाद एटीसी से टूटा था संपर्क। जानें पूरी खबर।
Ranchi-Delhi Air ambulance Crash: झारखंड के चतरा जिले से एक हृदयविदारक दुर्घटना सामने आई है। यहां के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित घने जंगलों में रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार मरीज, उनके परिजनों और मेडिकल क्रू समेत सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एयर एम्बुलेंस ने कल शाम (23 फरवरी) करीब 7:11 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के मात्र 23 मिनट बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया।
ये भी पढ़ें
बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक मौसम बिगड़ गया था। तेज हवाओं और बेहद कम दृश्यता (Low Visibility) के कारण पायलट ने रूट डायवर्ट करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान विमान अपना संतुलन खो बैठा और करमाटांड के पास घने जंगलों में जा गिरा।
मृतक संजय कुमार लातेहार के चंदवा कस्बे में एक छोटा रेस्टोरेंट चलाते थे। सोमवार 16 फरवरी को उनके रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में वे गंभीर रूप से झुलस गए थे। रांची में इलाज के दौरान स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर किया था। संजय की जान बचाने के लिए उनके परिवार ने अपनी जमा-पूंजी के साथ-साथ रिश्तेदारों और लोन लेकर 8 लाख रुपए जुटाए और एयर एम्बुलेंस बुक की थी। परिवार को उम्मीद थी कि दिल्ली में बेहतर इलाज से संजय ठीक हो जाएंगे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया।
इस एयर एम्बुलेंस हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के तीन सदस्य और चार अन्य लोग शामिल हैं-
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन जंगल घना होने के कारण राहत कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद से चंदवा और सिमरिया क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्होंने एक ही पल में अपने परिवार के तीन सदस्यों को खो दिया।