राष्ट्रीय

Jharkhand Assembly Election : झारखंड में ‘INDIA’ में आरजेडी ने उलझाया पेंच, UP में सपा से क्यों नाराज हुई कांग्रेस?

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले ही गठबंधन में तनातनी महसूस की जा रही है। हरियाणा में कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलने और जम्मू कश्मीर में उम्मीद से कमतकर प्रदर्शन के बाद इंडिया गठबंधन में कांग्रेस को कम तवज्जो मिल रही है। पढ़िए पत्रिका ब्यूरो की रिपोर्ट।

2 min read

Jharkhand Assembly Election 2024: हरियाणा व जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 'इंडिया' ब्लॉक (INDIA) में सहयोगी दलों ने कांग्रेस (Congress) को भाव देना कम कर दिया है। यही वजह है कि महाराष्ट्र में सीट बंटवारे की घोषणा अब तक नहीं हो सकी है। वहीं झारखंड में सीट बंटवारे पर आरजेडी ने आंख दिखा दी है। उधर, उत्तर प्रदेश में उपचुनावों (UP By- Election 2024) में समाजवादी पार्टी के कम महत्व देने से कांग्रेस नाराज है।

क्यों आरजेडी, कांग्रेस से हुई नाराज?

दरअसल, लोकसभा चुनाव के नतीजों से कांग्रेस उत्साहित थी और इंडिया ब्लॉक में उसका कद बढ़ गया था लेकिन हरियाणा व जम्मू-कश्मीर के नतीजों ने विपक्षी सियासत की दिशा बदल दी है। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने कांग्रेस के बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा ठोक रखा है। झारखंड की 81 सीटों में से कांग्रेस और जेएमएम (JMM) ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी जबकि शेष 11 सीटें आरजेडी और वामपंथी दलों के लिए छोड़ दी। इससे आरजेडी नाराज हो गई है।

आरजेडी ने अपने लिए झारखंड में मांगी इतनी सीटें

आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा (Manoj Jha, RJD) ने साफतौर पर इसे एकतरफा बताते हुए राजद के लिए और सीटों की मांग की है। आरजेडी ने 12 से 13 सीट मांगी है। झा का दावा है कि आरजेडी का 18 से 20 विधानसभा सीट पर मजबूत जनाधार है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बीजेपी (BJP) को हराना है। इंडिया ब्लॉक को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। अगर हमारी पार्टी अकेले चुनाव लड़ने का फैसला करती है, फिर भी वह 60-62 सीटों पर इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी।

JMM ने फंसाया पेंच

कांग्रेस चाहती है कि झारखंड में आरजेडी (RJD) को अधिक सीट मिलें। इस पर जेएमएम का कहना है कि कांग्रेस चाहे तो वे अपने खाते की सीट आरजेडी को दे सकती है लेकिन कांग्रेस अपनी सीटें कम नहीं करना चाहतीं इसलिए पेंच फंसा हुआ है।

UP में कांग्रेस लौटाएगी दो सीटें?

उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों (Uttar Pradesh By- Election 2024) पर उपचुनाव होने हैं। सपा ने कांग्रेस को सिर्फ दो सीट गाजियाबाद सदर और खैर दी है। इससे कांग्रेस नाराज हो गई है और इन दोनों सीटों को सपा को लौटाने पर मंथन चल रहा है। इस बारे में अंतिम निर्णय मंगलवार को होगा। कांग्रेस के उच्च पदस्थ एक नेता ने कहा कि सपा का रवैया ठीक नहीं है।

यह भी पढ़ें - Supreme Court on Madarsa: ‘मदरसों को मिलती रहेगी फंडिंग, विद्यार्थियों के सरकारी स्कूलों में ट्रांसफर पर रोक’

Also Read
View All

अगली खबर