राष्ट्रीय

झारखंड सरकार विधानसभा में SIR के खिलाफ लाएगी प्रस्ताव

Jharkhand Government Against SIR: झारखंड सरकार विधानसभा में एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी। क्या है इसकी वजह? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 9:44 AM IST
Jharkhand Assembly
झारखंड विधानसभा (Photo - ANI)

झारखंड सरकार (Jharkhand Government) आज, बुधवार, 25 नवंबर से शुरू हो रहे विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में मतदाता लिस्ट के विषय में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ एक प्रस्ताव लाएगी। सीएम हेमंत सोरेन (Hemant Soren) यह प्रस्ताव पेश करेंगे। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) द्वारा चलाए जा रहे इस पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं को आ रही परेशानियों पर राज्य सरकार ने चिंता जताई है और इसी वजह से यह प्रस्ताव लाया जा रहा है। राज्य सरकार ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि एसआईआर प्रक्रिया की जटिलताओं, तकनीकी कमियों और इस दौरान मांगे जा रहे दस्तावेजों की वजह से कई मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 16% मतदाताओं के नाम हटाए गए

सरकार ने प्रस्ताव में कहा कि झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से मतदाता सूची के पहले ड्राफ्ट में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। करीब 16% मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। सरकार के अनुसार 2.21 करोड़ मतदाताओं में से भी करीब 27% लोगों को 'संदिग्ध मतदाता' मानते हुए उन्हें नोटिस जारी किए गए। जिन मामलों में नोटिस जारी किए गए, उनमें से 75% से ज़्यादा मामले सिर्फ तार्किक गलतियों से जुड़े हैं, जैसे कि माता-पिता के नामों की स्पेलिंग में अंतर, उम्र में फर्क, या उत्तराधिकारियों की संख्या से जुड़ी गलतियाँ।

मतदाता को नहीं किया जा सकता अधिकार से वंचित

राज्य सरकार ने मतदान के अधिकार को मिलने वाले संवैधानिक संरक्षण पर जोर देते हुए संविधान के अनुच्छेद 326 का ज़िक्र है। इस अनुच्छेद में कहा गया है कि 'सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार' एक संवैधानिक अधिकार है, और किसी भी नियम, कानून या प्रक्रिया के ज़रिए किसी भी योग्य मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। राज्य सरकार का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत कई मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है, जो गलत है।

एसआईआर प्रक्रिया को रोकने और इसमें उचित बदलाव की मांग

सरकार के प्रस्ताव में कहा गया है कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए एसआईआर प्रक्रिया को रोक दिया जाना चाहिए और इसके प्रारूप में उचित बदलाव किए जाने चाहिए। झारखंड सरकार ने सभी राज्यों और राजनीतिक पार्टियों के साथ परामर्श करने के बाद एक नई प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही है, जिनमें पारदर्शी नियम और एक सरल प्रक्रिया को शामिल किया जाना चाहिए।

Updated on:
25 Nov 2026, 9:44 AM IST
Published on: