राष्ट्रीय

सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ में JJMP के 3 नक्सली ढेर, AK-47 और इंसास राइफलें बरामद

Naxalites Encounter: झारखंड में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। इसमें झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के तीन नक्सलियों को मार गिराया।
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2025, 7:10 PM IST
Feature image
सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Naxalites Encounter: झारखंड के गुमला जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के तीन नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ घाघरा थाना क्षेत्र के लावादग गांव के पास हुई, जहां झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गुप्त सूचना पर की गई थी घेराबंदी

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि JJMP के नक्सली लावादग चोरालतवा गांव के पास एक घर में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी हिंसक कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड जगुआर और गुमला पुलिस की टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। दो नक्सली भागने में सफल रहे।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद मौके से एक एके-47 राइफल और दो इंसास राइफलें बरामद की गई हैं। इसके अलावा कारतूसों के कई खोखे भी पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। गुमला के एसपी हारिस बिन जमान ने बताया कि मारे गए नक्सलियों में से एक की पहचान दिलीप लोहरा (32) के रूप में हुई है, जो बेलागड़ा गांव का निवासी था। बाकी दो की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

फिलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, ताकि भागे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए कहा गया है।

ऑपरेशन को मिली बड़ी सफलता

JJMP संगठन माओवादी संगठन CPI (Maoist) से अलग होकर बना एक गुट है, जो झारखंड के कई जिलों में सक्रिय है। यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। लगातार बढ़ रहे नक्सली खतरे के बीच यह ऑपरेशन न केवल सुरक्षाबलों की तत्परता को दर्शाता है, बल्कि इससे आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Updated on:
26 Jul 2025, 7:10 PM IST
Published on: