राष्ट्रीय

Presidential Election: विपक्ष को झटका, NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी JMM

JMM support Draupadi Murmu: राष्ट्रपति चुनावों से पूर्व विपक्ष को एक और बड़ा झटका लगा है। शिवसेना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा कर दी है।

2 min read
Jul 14, 2022
JMM will support Draupadi Murmu in Presidential elections

राष्ट्रपति चुनावों से पहले विपक्ष को एक और बड़ा झटका लगा है। शिवसेना के बाद अब सत्तारूढ़ झारखंड मुक्तिमोर्चा ने इस बार NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है। इसको लेकर JMM ने एक बयान भी जारी किया है।

JMM ने अपने बयान में कहा, "आप अवगत हैं कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड की पूर्व राज्यपाल एंव आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं। आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। सभी पहलुओं पर विचार विमर्श के बाद ये निर्णय लिया गया है कि राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है।"


इस बयान में आगे कहा गया है कि "आप सभी वधायकों और सांसदों को निर्देशित किया जाता है कि 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करें।"

जेएमएम के इस फैसले से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है जो विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के पक्ष में वोट एकजुट करने के प्रयासों में जुटी है। इससे पहले शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया था कि उनकी पार्टी NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी। इससे महाराष्ट्र के MVA गठबंधन में दरार पड़ गई है।

कांग्रेस ने इसपर कहा कि 'हमें नहीं पता कि शिवसेना द्रौपदी मुर्मू का समर्थन क्यों कर रही है। हालांकि, शिवसेना MVA का हिस्सा है, लेकिन उसने हमसे इसपर कोई विचार-विमर्श नहीं किया है।' अब एक और कांग्रेस के सहयोगी दल के निर्णय से कांग्रेस की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

Updated on:
14 Jul 2022 08:39 pm
Published on:
14 Jul 2022 08:38 pm
Also Read
View All