
JSSC CGL Paper Leak Case: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता मामले में CID ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने बिहार के छपरा से एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। गुरुवार शाम उसे CID की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब CID उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इस गिरफ्तारी के साथ ही JSSC CGL पेपर लीक मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 33 हो गई है। CID इस मामले में पेपर लीक, अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर रटवाने, परीक्षा पास कराने के नाम पर पैसे लेने और अभ्यर्थियों की कथित सेटिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
CID ने इस मामले में 1 जनवरी 2025 को CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत FIR दर्ज की थी। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के शुरुआती चरण में CID ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें बड़ी संख्या में झारखंड पुलिस के जवान शामिल थे। इन पर आरोप है कि उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के नाम पर पैसे लिए और उन्हें प्रश्न और उत्तर रटवाने में मदद की। करीब डेढ़ महीने पहले CID ने मामले की जांच नए सिरे से शुरू की। इसके बाद जांच एजेंसी ने 17 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एजेंट, अभ्यर्थी और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी ICN के कर्मचारी शामिल हैं। अब छपरा से एजेंट मनु कुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 33 हो गई है।
इधर, मामले में जमशेदपुर के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार से CID ने लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की। CID के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सामने आए नए तथ्यों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। गुरुवार देर शाम पूछताछ के बाद संजय कुमार को छोड़ दिया गया। उन्हें शुक्रवार को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया है। संजय कुमार मूल रूप से गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा गांव के रहने वाले हैं। CID की टीम उन्हें उनके गांव से ही अपने साथ रांची लेकर आई थी।
छपरा से गिरफ्तार किए गए एजेंट मनु कुमार सिंह को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। CID अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कथित पेपर लीक और अभ्यर्थियों तक प्रश्न-उत्तर पहुंचाने के मामले में उसकी क्या भूमिका थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।