राष्ट्रीय

‘याचिका खारिज करते समय कहते थे- मुझे खेद है’, कल रिटायर हो रहे सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस SC शर्मा, आखिरी दिन हुए भावुक

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा 42 साल के कानूनी सफर के बाद रिटायर हो रहे हैं। विदाई समारोह में CJI सूर्यकांत और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने उनके काम और व्यवहार की तारीफ की।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:49 PM IST
Justice SC Sharma Retire
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा। (फोटो- सुप्रीम कोर्ट/ANI)

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा के लिए शनिवार का दिन काफी बड़ा रहा। 42 साल पहले एक सामान्य वकील के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले जस्टिस शर्मा ने रिटायरमेंट से पहले अदालत में अपने सफर को याद किया। इस दौरान उनकी बातें सुनकर कोर्ट रूम का माहौल भावुक हो गया।

जस्टिस शर्मा के सम्मान में सुप्रीम कोर्ट में शनिवार को विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद रहे।

इस दौरान उन्होंने अपने पूरे सफर को कुछ शब्दों में बयां किया। उन्होंने कहा- जबलपुर की बार ने मुझे जगह दी और खुद को साबित करने का मौका दिया। बेंच ने मुझे मकसद दिया। इसने कानून के राज और न्याय की दिशा में मेरी प्रतिबद्धता को मजबूत किया।

परिवार के पहले वकील थे जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा

जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने अपने कानूनी करियर की शुरुआत 42 साल पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में वकालत से की थी। वह एक ऐसे परिवार से आते थे, जहां पहले कोई वकालत के पेशे में नहीं था। यानी वह पहली पीढ़ी के वकील थे।

उन्होंने उस दौर को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने बार में कदम रखा था, तब उनके मन में भी वही सपने और उम्मीदें थीं, जो आज युवा वकीलों के मन में हैं। माता-पिता से मिले संस्कार, मेहनत करने का जज्बा और यह भरोसा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती, यही उनकी सबसे बड़ी ताकत थी।

उन्होंने एक दिलचस्प बात भी कही। उन्होंने बताया कि विदाई के लिए बने विशेष बेंच में शामिल चारों जज पहली पीढ़ी के वकील रहे हैं। उन्होंने इसे महज संयोग बताया।

सीनियर एडवोकेट बनने का पल रहा खास

जस्टिस शर्मा ने अपने करियर के उन खास पलों को भी याद किया, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से सीनियर एडवोकेट नामित किया जाना उनके लिए बेहद खास अनुभव था।

उन्होंने कहा कि जबलपुर की बार ने उन्हें पहचान बनाने का मौका दिया। वहीं, जज बनने के बाद न्याय और संविधान के मूल्यों के प्रति उनकी जिम्मेदारी और मजबूत हुई। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया।

जस्टिस शर्मा ने अपने सहयोगियों, वकीलों, कोर्ट के रजिस्ट्री स्टाफ और परिवार के सदस्यों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब विदाई के लिए बेंच उठेगी तो वह भी सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में आखिरी बार उठेंगे। उनके मन में इस समय सिर्फ आभार और संतुष्टि का भाव है।

CJI सूर्यकांत ने बताया अनुभव और हंसी-मजाक का बेहतरीन मेल

विदाई समारोह में सीजेआई सूर्यकांत ने जस्टिस शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि किसी जज का योगदान केवल उसके फैसलों या पद से नहीं आंका जाता। उसका व्यवहार, साथ काम करने वाले लोगों के साथ रिश्ते और दूसरों के प्रति अपनापन भी उतना ही मायने रखता है।

उन्होंने कहा कि जस्टिस शर्मा में अनुभव और ज्ञान के साथ जिंदगी के प्रति उत्साह, शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर और हमेशा मुस्कुराते रहने का गुण है। अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने भी अदालत की कठिन परिस्थितियों में जस्टिस शर्मा के शांत स्वभाव की सराहना की।

याचिका खारिज करते समय भी रखते थे संवेदनशीलता

इस बीच, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस शर्मा की एक खास आदत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब भी जस्टिस शर्मा किसी याचिका को खारिज करते थे, तो संबंधित पक्ष से अक्सर कहते थे, 'मुझे सच में खेद है।'

मेहता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को उनकी दो बातें बहुत याद आएंगी। पहली, उनके चेहरे की हमेशा बनी रहने वाली मुस्कान और दूसरी, याचिका खारिज करते समय भी याचिकाकर्ता के प्रति उनका संवेदनशील व्यवहार। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा 29 नवंबर को न्यायिक सेवा से रिटायर होंगे। शनिवार सुप्रीम कोर्ट में जज के तौर पर उनका आखिरी कार्यदिवस था।

Updated on:
28 Nov 2026, 2:49 PM IST
Published on: