Yashwant Verma Pension: जस्टिस यशवंत वर्मा के इस्तीफे के बाद पेंशन को लेकर बड़ा सवाल सामने आ रहा है। जानिए इस्तीफा और रिटायरमेंट में अंतर और किन परिस्थितियों में पेंशन रोकी जा सकती है।
Justice Yashwant Verma Resignation: इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा (Yashwant Varma) ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इससे न्यायिक व्यवस्था और जजों के सेवा लाभों को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है। उनका ट्रांसफर दिल्ली हाईकोर्ट से इलाहाबाद हाईकोर्ट किया गया था। इसके बाद उनके आवास पर कथित तौर पर जले हुए नोट मिलने के विवाद ने मामला और सुर्खियों में ला दिया। हालांकि, अपने इस्तीफे में उन्होंने किसी भी कारण का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। जस्टिस वर्मा ने 5 अप्रैल 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज के रूप में शपथ ली थी।
भारतीय न्यायिक सेवा में एक महत्वपूर्ण कानूनी व्याख्या यह है कि जज का इस्तीफा भी कई मामलों में रिटायरमेंट के समान माना जाता है। इसका मतलब है कि केवल इस्तीफा देने से किसी जज के पेंशन और अन्य रिटायरमेंट लाभ स्वतः समाप्त नहीं होते।
भारत में लागू नियमों के अनुसार, हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के जज यदि इस्तीफा देते हैं, तो उन्हें आम तौर पर रिटायरमेंट बेनिफिट्स जारी रहते हैं। केवल आरोप लगने से पेंशन नहीं रोकी जाती। जब तक अदालत किसी व्यक्ति को दोषी न ठहराए, तब तक अधिकार सुरक्षित रहते हैं। पेंशन रोकने के लिए ठोस कानूनी प्रक्रिया और निर्णय जरूरी होता है। इसलिए मौजूदा स्थिति में, जस्टिस यशवंत वर्मा को भी पेंशन का अधिकार बना रह सकता है।
कानून के अनुसार पेंशन और ग्रेच्युटी तभी रोकी जा सकती है जब किसी जज को भ्रष्टाचार में दोषी ठहराया जाए, किसी गंभीर आपराधिक मामले में कोर्ट द्वारा सजा सुनाई जाए, सक्षम प्राधिकारी (जैसे राष्ट्रपति) उचित प्रक्रिया के तहत निर्णय ले। यानि, आखिरी फैसला हमेशा न्यायिक प्रक्रिया और दोष सिद्ध होने पर निर्भर करता है।
इससे पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं, जैसे 2011 में न्यायमूर्ति पी. डी. दिनाकरन का इस्तीफा। इस बीच न्यायमूर्ति वर्मा ने जांच समिति से खुद को अलग करते हुए कहा है कि उनसे ऐसे सवाल पूछे जा रहे हैं जिनका उत्तर देना संभव नहीं है, खासकर धन के स्रोत को लेकर, और उन्होंने प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट सहित कई न्यायिक फैसलों में यह स्पष्ट किया गया है कि जज चाहे निर्धारित आयु पर रिटायर हों या खुद की मर्जी से इस्तीफा दें, दोनों ही स्थितियों में पेंशन का अधिकार सामान्यतः बना रहता है। यह सिद्धांत इस बात को मजबूत करता है कि सेवा समाप्ति का तरीका पेंशन अधिकार को प्रभावित नहीं करता, जब तक कोई दोष सिद्ध न हो।