राष्ट्रीय

अमित शाह से मुलाकात के बाद परिसीमन पर बोलीं कनिमोझी, बताया क्यों DMK कर रही है समर्थन

अमित शाह से मुलाकात के बाद DMK सांसद कनिमोझी ने कहा कि पार्टी ने परिसीमन पर अपना रुख नहीं बदला है। उन्होंने तमिलनाडु को 59 लोकसभा सीटें मिलने का दावा भी किया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:43 PM IST
DMK Mp Kanimozhi
DMK सांसद कनिमोझी(फोटो-IANS)

Kanimozhi meets Amit Shah: परिसीमन बिल को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच DMK सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दिल्ली में हुई इस बैठक में DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि के साथ ए राजा, दयानिधि मारन और टीआर बालू भी शामिल रहे। अमित शाह से मुलाकात के बाद कनिमोझी ने परिसीमन को लेकर DMK का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना स्टैंड नहीं बदला है। DMK हमेशा से निष्पक्ष परिसीमन की मांग करती रही है। पार्टी परिसीमन को रोकने के पक्ष में नहीं है, बल्कि चाहती है कि इससे तमिलनाडु के हितों को नुकसान न पहुंचे।

तमिलनाडु की लोकसभा सीटें कम नहीं होनी चाहिए: कनिमोझी


कनिमोझी ने कहा कि DMK नेता ने चेन्नई में परिसीमन को लेकर बैठक की थी। इसमें साफ किया गया था कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुराने परिसीमन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 41 से घटकर 39 हो गई थीं। DMK नहीं चाहती कि राज्य को दोबारा इस तरह का नुकसान उठाना पड़े। कनिमोझी के मुताबिक, पार्टी की मांग में जनगणना के आधार पर सीटों का निर्धारण और लोकसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करना भी शामिल था।

पहले प्रस्ताव से 39 से घटकर 32 हो सकती थीं सीटें


कनिमोझी ने बताया कि पहले लाए गए बिल में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करने का प्रस्ताव था, लेकिन लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान नहीं था। उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में तमिलनाडु की लोकसभा सीटें मौजूदा 39 से घटकर 32 हो सकती थीं। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार ने 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों की संख्या निर्धारित करने पर सहमति दी है। कनिमोझी के अनुसार, नए प्रस्ताव के तहत तमिलनाडु को 59 लोकसभा सीटें मिलेंगी।

2026 में मौजूदा व्यवस्था की अवधि पूरी होने का दिया हवाला


कनिमोझी ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था की अवधि 2026 में पूरी होने और जरूरी परिस्थितियों को देखते हुए DMK ने नए प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है। उनके बयान से पार्टी ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि परिसीमन पर उसका समर्थन किसी राजनीतिक रुख में बदलाव का संकेत नहीं है। DMK की प्राथमिकता तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या और राज्य के प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना है।

Updated on:
28 Nov 2026, 9:43 PM IST
Published on: