
Kapil Sibal Delimitation Bill: राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने विपक्षी दलों को 131वें संविधान संशोधन और परिसीमन विधेयक के खतरों से आगाह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 30 नवंबर को संशोधन पास होने पर देश में बचा-खुचा लोकतंत्र भी खत्म हो जाएगा।
सिब्बल के अनुसार, बीजेपी 2014 से संवैधानिक ढांचे को कमजोर कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे आगे चलकर निरंकुश शासन का रास्ता खुलेगा, संसद अप्रासंगिक होगी और अदालतों में नियुक्तियां सरकार की पसंद से होंगी।
सिब्बल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए 20 और शिवसेना के दलबदल मामले से जुड़े छह सांसदों को अब तक अयोग्य घोषित हो जाना चाहिए था। उनके मुताबिक, स्पीकर के फैसला न लेने से ये 26 सांसद वोट डाल सकेंगे और सरकार को 360 के आंकड़े तक पहुंचाने में मदद करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दलबदल इसी मकसद से कराए गए।
उन्होंने बताया कि शिवसेना मामले में याचिका संख्या 886/2026 पर जुलाई से सरकार, संबंधित सांसदों या दलों का जवाब नहीं आया। सिब्बल ने जुलाई में निजी हैसियत से भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनके अनुसार, नोटिस जारी होने के बावजूद वह सूचीबद्ध नहीं हुई और दिसंबर में सुनवाई की संभावना है।
सिब्बल ने कहा कि 50% बढ़ोतरी से तमिलनाडु की सीटें 39 से 59, उत्तर प्रदेश की 80 से 120 और लोकसभा की संख्या 840 होगी। इतने बड़े सदन के कामकाज पर उन्होंने सवाल उठाया। उनका कहना था कि सांसदों को अभी विधेयक का मसौदा भी नहीं पता।
उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई, जबकि परिसीमन कानून के लिए साधारण बहुमत चाहिए। 2021 की जनगणना न होने के कारण परिसीमन 2011 के आंकड़ों पर होगा।
सिब्बल ने आरोप लगाया कि एक सदस्यीय आयोग के जरिए सीटों की सीमाएं सत्ता पक्ष के फायदे में बदली जा सकती हैं। इससे बीजेपी दो-तिहाई बहुमत हासिल कर संविधान बदल सकती है और हिंदू राष्ट्र का लक्ष्य पूरा करने की कोशिश करेगी।
सिब्बल ने दावा किया कि 2024 में जनता का भरोसा खोने के बाद बीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मदद से मतदाता सूचियों में संस्थागत हेरफेर किया। उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और बिहार का नाम लिया। एजेंसियों के जरिए कुछ विपक्षी सदस्यों को साधने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने चेताया कि समर्थन देने वाले दल अपने राज्यों में अस्तित्व गंवा सकते हैं। सिब्बल ने डीएमके या किसी अन्य दल पर टिप्पणी और कानूनी चुनौती के विकल्प पर विस्तार से जवाब देने से परहेज किया।
उन्होंने सुझाव दिया कि परिसीमन आयोग में तीन सदस्य हों। सरकार और विपक्ष एक-एक सेवानिवृत्त जज चुनें और वे दोनों तीसरे सदस्य का चयन करें। सिब्बल ने सांसद नहीं, बल्कि नागरिक के रूप में संवैधानिक लोकतंत्र बचाने की अपील की।