राष्ट्रीय

362 वोटों का गणित बिगड़ा, इसलिए नहीं बुलाया संसद का शीतकालीन सत्र? कपिल सिब्बल के आरोप से सियासी हलचल

131st Constitutional Amendment Bill: सत्र न बुलाने की वजह सिर्फ तारीख नहीं, एक संख्या का खेल बताई जा रही है। वह संख्या क्या है और किस राज्य की कितनी सीटें बढ़ने की बात हो रही है? जवाब चौंका सकता है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 3:23 PM IST
131st Constitutional Amendment Bill
131st Constitutional Amendment Bill: लोकसभा में 800 से ज्यादा सीटें करने की तैयारी? कपिल सिब्बल ने परिसीमन के फॉर्मूले पर उठाए सवाल (फोटो सोर्स: ANI)

131st Constitutional Amendment Bill: संसद का शीतकालीन सत्र आमतौर पर नवंबर के तीसरे हफ्ते में शुरू हो जाता है, पर इस बार इसकी घोषणा तक नहीं हुई। राज्य सभा सांसद कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) ने प्रेस वार्ता में इसके पीछे 131वें संविधान संशोधन विधेयक को वजह बताया। उनका दावा है कि सरकार के पास जरूरी 362 वोट नहीं हैं, इसलिए सत्र टाला जा रहा है। उन्होंने सहयोगी दलों को भी साफ शब्दों में चेतावनी दी।

सिब्बल (Kapil Sibal) ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ और शीतकालीन सत्र का नोटिस भी जारी नहीं हुआ। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 85 से जोड़ा, जिसके मुताबिक दो सत्रों के बीच छह महीने से ज्यादा का अंतर नहीं होना चाहिए। उनका आरोप है कि सत्रावसान न करने से अगला सत्र मानसून सत्र का ही हिस्सा माना जाएगा और सीधे बजट सत्र बुलाया जा सकेगा।

362 का गणित

संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए, यानी 543 में से 362 सांसदों का समर्थन। सिब्बल के मुताबिक भाजपा के पास अपने 241 सांसद ही हैं। उनका दावा है कि जिस दिन आंकड़ा पूरा होगा, उसी दिन सत्र बुलाकर विधेयक पास कराया जाएगा।

50% बढ़ोतरी का फॉर्मूला

सिब्बल ने बताया कि प्रस्तावित फॉर्मूले में हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएंगी। उनके आंकड़ों में उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से 120, महाराष्ट्र की 48 से 72, पश्चिम बंगाल की 42 से 63 और मध्य प्रदेश की 29 से 43 हो जाएंगी। गुजरात की 26 से 39, आंध्र प्रदेश की 25 से 37 और तमिलनाडु की 39 से करीब 59 होंगी। उनके अनुसार इससे लोकसभा 800 से ऊपर पहुंच सकती है। उनका तर्क है कि उत्तर के राज्यों में सीटों का फासला दक्षिण से ज्यादा बढ़ेगा।

परिसीमन पर सवाल

सिब्बल ने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक वहां विधानसभा सीटें 83 से 90 हुईं और जम्मू की 37 से 43 कर दी गईं, जबकि कश्मीर को सिर्फ एक सीट मिली। गुरेज की आबादी करीब 38 हजार और श्री माता वैष्णो देवी सीट की करीब 74 हजार बताई गई। उन्होंने असम के परिसीमन पर भी सवाल उठाए।

आयोग के फैसले पर कोई चुनौती नहीं

सिब्बल ने कहा कि परिसीमन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज करते हैं और परिसीमन कानून के तहत उसके फैसले को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती। उन्होंने सुझाव दिया कि एक सदस्य सत्ता पक्ष और एक विपक्ष चुने, और तीसरा नाम दोनों मिलकर तय करें। महिला आरक्षण का उन्होंने समर्थन किया, पर मौजूदा 543 सीटों में ही एक-तिहाई लागू करने की बात कही।

सहयोगी दलों से अपील

बिना किसी दल का नाम लिए सिब्बल ने कहा कि मंत्री या मुख्यमंत्री पद के लालच में साथ देने वालों को जनता और इतिहास माफ नहीं करेगा। भाजपा-अकाली दल गठबंधन पर पूछे जाने पर उन्होंने सीधे टिप्पणी से परहेज किया। उन्होंने दल-बदल कानून से जुड़ी अपनी याचिका सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने की बात भी कही।

Updated on:
24 Nov 2026, 3:23 PM IST
Published on: