
DK Shivakumar Swearing-In Ceremony: कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार बुधवार यानी आज राज्य के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ करीब एक दर्जन मंत्री शपथ ले सकते हैं। लोकभवन में होने वाले सादे समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम 4.05 बजे सीएम व मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। लोकभवन में शपथ ग्रहण के लिए नया मंच बनाया गया है, जिसका मुख इस बार पूर्व दिशा की तरफ है। पहले यह हमेशा पश्चिम तरफ होता था।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बाद कांग्रेस ने सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर संतुलन साधने की कोशिश की है। एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य बनाया है, वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार मंत्री परिषद के सदस्यों की सूची को हरी झंडी दे दी है। संतुलन साधने के लिए सिद्धEरमैया के पुत्र यतींद्र को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा वहीं वरिष्ठ दलित नेता जी परमेश्वर डिप्टी सीएम बन सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व और कर्नाटक के शीर्ष नेताओं के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, शिवकुमार और सिद्धरमैया शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में मंत्रिमंडल के पहले चरण के गठन, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन तथा सरकार के शुरुआती कामकाज को लेकर चर्चा हुई। संगठन में फेरबदल पर भी चर्चा की गई क्योंकि सीएम बनने जा रहे डीके शिवकुमार अभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं।
सूत्रों ने बताया कि पहले चरण में जी.परमेश्वर, केजे जॉर्ज, रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायरेगौड़ा, यूटी खादर, एमबी पाटिल, सतीश जारकीहोली और लक्ष्मी हेब्बालकर मंत्री बन सकते हैं। मंत्री बनने वालों में मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियंक खरगे और सिद्धारमैया के पुत्र यतींद्र भी शामिल है।
मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे डीके शिवकुमार ने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार के सामने कई चुनौतियां होंगी, लेकिन उनकी प्राथमिकता जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की होगी। शिवकुमार ने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे तथा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।