
तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की तैयारी के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दीपम जलाए जाने से पहले सीआरपीएफ की तैनाती की गई है।
इस बीच सीआरपीएफ के आईजी विक्रम दीप जलाए जाने वाले स्थल पर पहुंचे। इस दौरान, उन्होंने श्रद्धालुओं से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे फिलहाल दीपथून (दीपम स्तंभ) के पास जाने की कोशिश न करें।
उन्होंने कहा कि अभी इस इलाके में आम लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को वहां जाने के लिए फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा।
सीआरपीएफ अधिकारी ने भक्तों से अपील की कि वे कल आएं और प्रशासन के अगले निर्देशों का इंतजार करें। उन्होंने कहा कि अभी केवल अधिकृत लोगों को ही दीपथून के आसपास जाने की इजाजत दी जाएगी। आम लोगों को कब प्रवेश मिलेगा, इस बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।
कार्तिगई दीपम के मौके पर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। इस बीच सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
सीआरपीएफ आईजी विक्रम ने स्पष्ट किया कि दीपम स्तंभ के आसपास फिलहाल आम लोगों को जाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वहां सिर्फ उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा, जिन्हें इसकी आधिकारिक अनुमति दी गई है।
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने का मामला धार्मिक आस्था के साथ-साथ कानूनी विवाद का भी विषय बन चुका है। दीपथून पर दीप जलाने को लेकर पहले मद्रास हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक मामला पहुंचा।
अदालत के आदेश के पालन को लेकर तमिलनाडु सरकार और याचिकाकर्ताओं के बीच विवाद बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दीपथून पर दीप जलाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए सतर्क हैं।