
तमिलनाडु के मदुरै जिले के तिरुपरनकुंड्रम में मंगलवार को कार्तिगई दीपम उच्चि पिल्लैयार मंदिर के निकट पारंपरिक दीप मंडपम में प्रज्वलित किया गया।
यह आयोजन ऐसे समय हुआ जब हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश के तहत पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपस्तंभ (दीपथून) पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन का कहना है कि कार्तिगै दीपम को परंपरागत रूप से उच्चि पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता रहा है।
प्रशासन ने दरगाह के समीप स्थित पत्थर के दीपस्तंभ पर दीप जलाने के प्रस्ताव का विरोध किया था। सरकार के अनुसार इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है और यह दीप स्तंभ नहीं केवल सर्वे के लिए स्थापित किया गया स्तंभ है।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को जारी आदेश में 24 नवंबर को एक बार के विशेष प्रबंध के रूप में दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही स्पष्ट किया था कि इससे स्थल के स्वामित्व, धार्मिक स्वरूप या वहां दीप प्रज्ज्वलन की परंपरागत प्रथा संबंधी विवाद का अंतिम समाधान नहीं माना जाएगा।
इस बीच कानून-व्यवस्था की चिंताओं का हवाला देते हुए मदुरै जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। इसके अंतर्गत सभा, रैली, प्रदर्शन और सार्वजनिक बैठकों पर रोक लगाई गई तथा तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी तक पहुंच सीमित कर दी गई।
इस आदेश को चुनौती देते हुए कुछ याचिकाकर्ताओं ने मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने कलक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश को रद्द करने और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू कराने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि जिला प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेश की पालना करे।
हालांकि, अंततः दीपम पारंपरिक स्थल पर ही प्रज्वलित किया गया, जिससे विवाद और कानूनी बहस अभी भी जारी है। इस बीच पहाड़ी की तलहटी में परिक्रमा पथ पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार भी किया।
इस सिलसिले में याची हिन्दू धर्म परिषद के प्रदेशाध्यक्ष केके रमेश ने कहा कि बुधवार सुबह न्यायिक अवमानना याचिका दायर की जाएगी। कोर्ट के निर्णय की नाफरमानी के लिए अधिकारियों को दंड दिलाया जाएगा। उनका दावा था कि सशस्त्र बल की मदद से दीपस्तंभ पर ज्योत जलाई जाएगी।