
कांग्रेस (Congress) सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कुछ समय पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को उनसे बहस करने की चुनौती दी थी। राहुल की इस चुनौती पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju)ने उन्हें 7 सलाहें दी थीं। इस मामले में अब कांग्रेस महासचिव और सांसद के. सी. वेणुगोपाल (K.C. Venugopal) ने रिजिजू पर निशाना साधा है।
वेणुगोपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "राहुल गांधी को सलाह देने से पहले किरेन रिजिजू को खुद के, अपनी पार्टी और प्रधानमंत्री के बारे में सोचना और आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। इस सरकार ने देश में लोकतंत्र को पूरी तरह से विकृत और नष्ट कर दिया है, जो भारत निर्वाचन आयोग की गतिविधियों से साफ पता चलता है। राहुल गांधी के कहे बिना भी पूरे भारत और दुनिया को पता है कि भारतीय लोकतंत्र खतरे में है। किरेन रिजिजू को पहले प्रधानमंत्री से सलाह लेनी चाहिए कि संसद का सत्र कब बुलाया जा रहा है। संसद को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है और संसदीय परंपराओं की अनदेखी की जा रही है। पिछले 100 दिनों से संसद का सत्र सत्रावसान भी नहीं किया गया है, फिर भी वह राहुल गांधी को उपदेश दे रहे हैं। उन्हें इसके बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सलाह देनी चाहिए।"
रिजिजू ने कुछ दिन पहले ही राहुल को सात-सूत्री सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर राहुल ये बातें मानें तो कांग्रेस कुछ हद तक लोगों का भरोसा जीत सकती है। आइए उन सलाहों पर नज़र डालते हैं।
1. राहुल को भारत में ज्यादा समय बिताना चाहिए और बार-बार गुप्त विदेश यात्राओं से बचना चाहिए।
2. राहुल को वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए और उनके अनुभव से सीखना चाहिए, क्योंकि यह भारतीय परंपरा है।
3. राहुल को भारत-विरोधी लोगों से नहीं मिलना चाहिए और उनके एजेंडे को भी बढ़ावा नहीं देना चाहिए।
4. राहुल को बीजेपी, आरएसएस और पीएम मोदी के प्रति गहरी नफरत छोड़नी चाहिए। उन्हें बीजेपी को दुश्मन नहीं, राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानना चाहिए।
5. राहुल को संसद को गंभीरता से लेना चाहिए और सांसदों को बहस-चर्चा में भाग लेने देना चाहिए।
6. राहुल को संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए।
7. राहुल को कांग्रेस को लोकतांत्रिक पार्टी बनाने पर ध्यान देना चाहिए और परिवारवादी राजनीति खत्म करनी चाहिए।