Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Election) से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) पर निशाना साधते हुए कहा, "आपने गुजरात में गुंडागर्दी की होगी, लेकिन दिल्ली आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगी।"
Delhi Election: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गृहमंत्री पर निशाना साधा है। दरअसल केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, पुलिस द्वारा आप कार्यकर्ताओं पर ‘उत्पीड़न’ किया जा रहा है। भले ही आपने गुजरात में ‘गुंडागर्दी’ की हो, लेकिन दिल्ली इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी। एक्स (X) पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, “अमित शाह जी पूरी तरह से अपना आपा खो चुके हैं। अमित जी, आपने गुजरात में गुंडागर्दी की होगी, लेकिन दिल्ली आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगी।” उत्पीड़न के मामले में CM आतिशी ने भी बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में उनके सहयोगियों द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ “गुंडागर्दी” और “अभद्र भाषा” के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया था।
वरिष्ठ आप नेता संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा "हार के डर से" दिल्ली में पुलिस का इस्तेमाल कर आप कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। एक्स पर एक पोस्ट में सिंह ने कहा, "भाजपा बुरी तरह चुनाव हार रही है। हार से डरी पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। दिल्ली पुलिस नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए नई दिल्ली विधानसभा के बीआर कैंप में आप कार्यकर्ता बंटी शेखावत के घर पर छापेमारी कर रही है।
आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को "झूठी शिकायतों" के आधार पर हिरासत में लिया है। सिंह ने कहा, "नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा हारने जा रही है। जब प्रवेश वर्मा पैसे और अन्य चीजें बांटते हैं, तो हमारे द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। दूसरी ओर, हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक झूठी शिकायत की गई और उसके आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया। ऐसी स्थिति में हम कैसे प्रचार कर सकते हैं। साथ ही वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखते हैं, "हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ना किसी से डरेंगे, ना झुकेंगे, लड़ेंगे - जीतेंगे और पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे।'
दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे और इसके परिणाम 8 फरवरी को जारी कर दिए जाएंगे। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह कोई भी सीट जीतने में विफल रही है। इसके विपरीत, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में आप ने कुल 70 सीटों में से 67 और 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि भाजपा को इन चुनावों में केवल तीन और आठ सीटें हासिल की थी।