
Fisherman Survives Crocodile Attack: ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक मछुआरे की जिंदगी और मौत के बीच सिर्फ एक मिनट का फासला रह गया। खारे पानी के मगरमच्छ ने उसे नाव से खींचकर नदी में गिरा दिया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जानवर की आंखों में उंगली गड़ा दी। जबड़ा ढीला पड़ते ही वह जान बचाकर निकल आया। इसी साहस भरे संघर्ष की वजह से यह घटना चर्चा में है
केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपाड़ा ब्लॉक में गोबरी नदी पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे यह हादसा हुआ। भुवनेश्वर से लगभग 130 किलोमीटर दूर जंबू ग्राम पंचायत के दक्षिण जंबू घाट पर 33 वर्षीय मछुआरे धर्मपद मंडल पर खारे पानी के मगरमच्छ ने हमला कर दिया।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य निमाई सरगोन के अनुसार मंडल रोज मछली पकड़ने जाता है। उस दिन वह अपनी नाव में घाट के पास ही बैठा था और गहरे पानी में जाने का उसका इरादा नहीं था। इसी बीच उसने पानी में हाथ डाला और मगरमच्छ ने उसे पकड़कर नदी में खींच लिया। वह जानवर के ऊपर ही जा गिरा।
करीब एक मिनट चली इस जद्दोजहद में मंडल की दोनों हथेलियां और पेट बुरी तरह जख्मी हो गए। भाई सम्पद मंडल ने बताया कि संघर्ष बस कुछ पल का था, पर उतना ही काफी रहा। मंडल ने मगरमच्छ की आंखों में उंगली घुसेड़ दी। दर्द से जानवर ने पकड़ ढीली कर दी और मंडल छूटकर वापस नाव पर चढ़ गया। मगरमच्छ पानी में लौट गया। भाई ने इसे महज किस्मत का खेल बताया।
परिवार के लोग उसे तुरंत केंद्रपाड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले गए, जहां शुरुआती इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई।
राजनगर मैंग्रोव वन मंडल के सहायक वन संरक्षक गगन मलिक ने कहा कि लोगों को बार-बार नदी में गहरे न जाने की चेतावनी दी जाती है। उनके मुताबिक जागरूकता अभियानों के बावजूद मंडल नाव लेकर नदी में उतरा था और सिर्फ किस्मत से बचा। हालांकि गांववालों ने इस दावे को खारिज किया और कहा कि वह गहरे पानी में गया ही नहीं था।
रिपोर्ट के अनुसार केंद्रपाड़ा में बीते पांच वर्षों में मगरमच्छ के हमलों में कथित तौर पर 31 लोगों की जान जा चुकी है। यानी औसतन हर साल छह से ज्यादा परिवार अपनों को खो रहे हैं।
गौरतलब है कि यह जिला भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के लिए जाना जाता है, जिसे खारे पानी के मगरमच्छों का बड़ा ठिकाना माना जाता है। यहां मगरमच्छ संरक्षण कार्यक्रम दशकों पहले शुरू हुआ था और उनकी संख्या काफी बढ़ी है। नदियों के किनारे बसे गांवों के लोग मछली, केकड़े और रोजमर्रा के कामों के लिए पानी पर निर्भर हैं, इसलिए टकराव बढ़ता गया है। ओडिशा सरकार मगरमच्छ के हमले में मौत पर मुआवजा देती है, पर पीड़ित परिवार अक्सर इसकी रकम और देरी की शिकायत करते हैं।