Kerala Election Result 2026: वीडी सतीशन के नेतृत्व में केरल में यूडीएफ की शानदार वापसी। जानें अब कौन बनेगा केरल का नया मुख्यमंत्री?
Kerala Election Result 2026 VD Satheesan: केरल विधानसभा चुनाव 2026 में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। करीब एक दशक बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सत्ता में वापसी करता नजर आ रहा है। चुनावी रुझानों में UDF ने 140 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है जबकि सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को इस बार भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यह नतीजा राज्य में बढ़ती एंटी-इंकम्बेंसी और बदलाव की बयार साफ तौर पर दिखती नजर आ रही है।
UDF की इस बढ़त के पीछे सबसे बड़ा कारण LDF सरकार के खिलाफ नाराजगी मानी जा रही है। पिछले 10 साल से सत्ता में रही सरकार के खिलाफ जनता में असंतोष था जो इस चुनाव में साफ दिखाई दिया। कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने भी यही कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया और यही उनकी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी है।
वी. डी. सतीशन ने चुनाव से पहले दावा किया था कि इस बार LDF के कई मंत्री चुनाव हारेंगे। अब नतीजों में यह बात काफी हद तक सच साबित होती दिख रही है क्योंकि करीब 10 मंत्री अपनी सीटें गंवाते नजर आ रहे हैं। सतीशन ने इसे जनता के भरोसे और UDF की विश्वसनीयता का परिणाम बताया है।
UDF की जीत में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य में जोरदार चुनाव प्रचार किया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा आई और मतदाताओं तक सीधा संदेश पहुंचा। सतीशन ने भी उनकी भूमिका को सराहा है और जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शीर्ष नेतृत्व को दिया।
बहुमत मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उठ रहा है। वी. डी. सतीशन खुद इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा रमेश चेन्निथला, के.सी. वेणुगोपाल और केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ जैसे नाम भी चर्चा में हैं। अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान और गठबंधन की सहमति से लिया जाएगा।
यह चुनाव परिणाम केरल की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। LDF की 10 साल की सत्ता के बाद UDF की वापसी यह दिखाती है कि राज्य में मतदाता अब नए नेतृत्व और नई दिशा की तलाश में हैं। साथ ही, यह एक तरह से पीढ़ीगत बदलाव का भी संकेत है, जहां नए चेहरे आगे आ रहे हैं।