4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पश्चिम बंगाल में सिर्फ एक एग्जिट पोल लगभग सटीक, BJP को भारी बढ़त, TMC को झटका

Bengal result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि टीएमसी को झटका लगता नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के दावों के बीच प्रजा पोल का अनुमान सबसे सटीक साबित होता दिख रहा है।

2 min read
Google source verification
bjp vs tmc in west bengal

पीएम मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Photo- AI)

West Bengal election results: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है। रुझानों में भाजपा करीब 200 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 90 सीटों के भीतर सिमटती नजर आ रही है। हालांकि, कई एग्जिट पोल में दोनों पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर की संभावना जताई गई थी, लेकिन मौजूदा रुझान अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। इनमें से केवल एक एग्जिट पोल लगभग सटीक साबित होता दिख रहा है।

कौन सा एग्जिट पोल सबसे सटीक रहा

प्रजा पोल एग्जिट पोल ने टीएमसी को 85 से 110 सीटें और भाजपा को 178 से 208 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, जो अब तक के रुझानों के काफी करीब नजर आ रहा है। इसके अलावा, मैट्रिज और पोल डायर ने टीएमसी गठबंधन को 125-140, चाणक्य स्ट्रैटजीज ने 130-140, पीपल्स पल्स ने 177-187, पीमारक्यू ने 118-138, जनमत पोल्स ने 195-205, जेवीसी ने 132-152 और टुडेज चाणक्य ने करीब 100 सीटें दी थीं। वहीं भाजपा के लिए मैट्रिज और पोल डायर ने 146-161, चाणक्य स्ट्रैटजीज ने 150-160, पीपल्स पल्स ने 90-110, पीमारक्यू ने 150-175, जनमत पोल्स ने 80-90, जेवीसी ने 138-159 और टुडेज चाणक्य ने 192 सीटों का अनुमान जताया था।

ममता बनर्जी की पार्टी को झटका संभव

पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना जारी है और अब तक के रुझानों के आधार पर यदि टीएमसी हारती है, तो यह कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। साल 2011 से राज्य में लगातार टीएमसी की सरकार है और ममता बनर्जी पिछले 15 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। वहीं यदि भाजपा यह चुनाव जीतती है, तो यह पहला अवसर होगा जब वह राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि पिछले करीब 50 वर्षों में पश्चिम बंगाल में आमतौर पर एकतरफा जनादेश देखने को मिला है। चाहे कांग्रेस हो, वामपंथी दल हों या फिर टीएमसी, जिस भी दल को जीत मिली है, उसे भारी बहुमत प्राप्त हुआ है।

पश्चिम बंगाल की 293 सीटों की मतगणना

पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 में से 293 सीटों के नतीजे आज यानी सोमवार को घोषित किए जाएंगे, क्योंकि फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान कराने का भारतीय निर्वाचन आयोग ने निर्णय लिया है। फाल्टा विधानसभा सीट के 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को वोट डाले जाएंगे, जबकि इसके नतीजे 24 मई को घोषित होंगे।