
Kerala floods 2026: केरल के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हालात का आकलन हर घंटे किया जाए। इसके बाद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आयुक्त विज्ञेश्वरी आईएएस ने इडुक्की और कोट्टायम जिलों के कलेक्टरों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
इडुक्की और कोट्टायम में मौसम को लेकर SMS अलर्ट जारी किए गए हैं। जिला कलेक्टरों को स्थिति का जायजा लेने और जरूरत पड़ने पर निकासी सहित आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक निलांबुर के अमरमबलम स्थित टीके कॉलोनी इलाके में पांच लोगों के बह जाने की सूचना है। मुख्यमंत्री सतीशन ने वहां आपदा प्रबंधन बल की विशेष टीम तैनात करने का तत्काल आदेश दिया है।
इधर, भारी बारिश के बीच रविवार शाम इडुक्की के वट्टावडा स्थित कोट्टाकंबूर में भूस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शाम करीब 5 बजे कदावरी मार्ग पर एक घर के पास हुई, जब पीड़ित लहसुन साफ कर रहे थे। मृतकों की पहचान कोट्टाकंबूर निवासी बालकृष्णन और चिन्नू के रूप में हुई है। बालकृष्णन की पत्नी इस हादसे में घायल होकर बच गईं, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अदिमाली तालुक अस्पताल ले जाया गया।
देविकुलम के विधायक एफ राजा ने बताया कि वट्टावडा में खेतों में काम कर रहे मजदूर भारी बारिश शुरू होने पर पास की एक झोपड़ी में शरण लेने गए थे, तभी झोपड़ी के पीछे से भूस्खलन हुआ और पूरा ढांचा मिट्टी-मलबे में दब गया। झोपड़ी में मौजूद तीन लोगों में से दो मिट्टी के नीचे दब गए, जबकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों शवों को मुन्नार लाया गया है, जहां से इन्क्वेस्ट प्रक्रिया के बाद अदिमाली तालुक अस्पताल भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं अगले दिन पूरी की जाएंगी।
इसके अलावा, चोक्कड नदी में आई अचानक बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि लापता एक महिला और दो पुरुषों के शव बरामद कर लिए गए हैं। आखिरी शव, एक पुरुष का, एंटोनीकाड के पास से मिला।