
Ketan Agrawal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी सिया गोयल ने पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराने के लिए सहमति दे दी है। पुणे ग्रामीण पुलिस का मानना है कि इस टेस्ट से मामले के कई अहम पहलुओं और कथित साजिश से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकते हैं। इस बीच सिया के पिता ने भी कहा है कि मामले में जो भी दोषी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सिया गोयल के वकील विपुल दुशिंग ने बताया कि गुरुवार को सिया ने लोनावाला ग्रामीण पुलिस को पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उसका पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों की पुष्टि और घटनाक्रम के कई अनसुलझे पहलुओं को स्पष्ट करने के लिए यह टेस्ट अहम माना जा रहा है।
मामले में सिया गोयल के परिवार ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि इस मामले में जो भी अपराधी है, उसे कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है और परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। प्रवीण गोयल ने कहा कि वह ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि केतन अग्रवाल के हत्यारों को जल्द से जल्द सजा मिले। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी सिया दोषी पाई जाती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए जिसकी वह हकदार है। उनके अनुसार, दोषी कोई भी हो, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।
गुरुवार सुबह पुणे पुलिस सिया गोयल को उस स्थान पर लेकर गई, जहां पुलिस के अनुसार उसने और सह-आरोपी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले से धक्का देने की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े भी बरामद किए, जिन्हें सिया ने 18 जून को घटना वाले दिन पहनने की बात कही जा रही है।
सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस रिमांड शुक्रवार (3 जुलाई) को समाप्त हो रही है। दोनों आरोपियों को सुबह 11 बजे वडगांव कोर्ट में पेश किया जाएगा। सिया की ओर से एडवोकेट विपुल दुशिंग और चेतन चौधरी की ओर से एडवोकेट राम शहाणे अदालत में पक्ष रखेंगे। जांच एजेंसी अदालत से दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी बढ़ाने की मांग कर सकती है।