
नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच सियासी घमासान छिड़ गया है। छठ पूजा से पहले भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना नदी में डुबकी लगाई और पानी की सफाई की तारीफ की। अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मनोज तिवारी को यमुना में स्विमिंग कॉम्पिटिशन करने की चुनौती दे दी है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भाजपा सांसद के दावे को झूठा बताते हुए उन पर दिखावा करने का आरोप लगाया है।
दरअसल, मनोज तिवारी ने गुरुवार को यमुना में न केवल डुबकी लगाई, बल्कि नदी में तैराकी भी की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यमुना की सफाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। तिवारी ने कहा कि वह इस बात से बेहद खुश हैं कि सफाई के काम के कारण अब वह नदी में उतर सके हैं।
मनोज तिवारी का वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे साझा करते हुए मजाकिया अंदाज में चुनौती दी। उन्होंने लिखा, 'मनोज जी, क्या आपको नहीं लगता कि यमुना जी का पानी काफी साफ हो गया है और अब हम दोनों के बीच यहां स्विमिंग कॉम्पिटिशन हो सकता है?'
यमुना में डुबकी लगाने के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को साफ यमुना उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है और यहां हुए काम की सराहना की जानी चाहिए। तिवारी ने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल को भी बताएंगे कि यह सफाई का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि पानी में मगरमच्छ हो सकते हैं, लेकिन मगरमच्छ साफ पानी में ही आते हैं। सांसद ने स्पष्ट किया कि यमुना में उतरने का उनका मकसद किसी को शर्मिंदा करना नहीं, बल्कि लोगों तक सफाई का संदेश पहुंचाना था।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने मनोज तिवारी के दावों को खारिज कर दिया। पार्टी का कहना है कि उसके कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर यमुना की वास्तविक स्थिति देखी और भाजपा के सफाई के दावों की पोल खोल दी। AAP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिस जगह मनोज तिवारी ने डुबकी लगाई, वहां का पानी काला और बुरी तरह प्रदूषित था। पार्टी ने यह भी दावा किया कि तिवारी यमुना घाट की सफाई अभियान के दौरान नदी में उतरे थे। उनके नदी का पानी पीने के दावे को भी AAP ने पूरी तरह झूठा बताया।
आप ने मनोज तिवारी पर छठ पूजा से पहले राजनीतिक ड्रामा करने का आरोप लगाया। पार्टी ने भाजपा सांसद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे उस जगह जाकर यमुना में डुबकी लगाएं, जहां नाले का पानी नदी में मिलता है। पार्टी ने चुनौती दी कि तिवारी वहां का पानी पीकर पूरी प्रक्रिया का अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव प्रसारण करें, ताकि दिल्ली की जनता सच्चाई देख सके।