
कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर आतंकी लतीफ भट मुठभेड़ में मारा गया है। भारतीय सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में आतंकी की गोली लगकर मौत हुई। एनकाउंटर से पहले सुरक्षा अधिकारियों ने उसे सरेंडर करने को कहा था, लेकिन उसने इनकार करते हुए गोलीबारी की। जवाबी फायरिंग में आतंकी मारा गया। लतीफ भट सुरक्षा बलों से बचने के लिए एक मस्जिद में छिप गया था। लतीफ कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी था।
कुलगाम एनकाउंटर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए अभियान में आतंकी तलीफ का सहयोगी उमर निसार को भी एक दिन पहले कुलगाम में मार गिराया गया था। गृह मंत्री ने इस संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश इन बहादुर जवानों और खुफिया एजेंसियों के साहस को सलाम करता है।
इससे पहले 30 सितंबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में
लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर मोहम्मद आसिफ, जिसे हाशिम मूसा या मूसा फौजी के नाम से भी जाना जाता है, मारा गया। हाशिम मूसा पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी बताया जाता था।
गृह मंत्रालय ने बताया था कि मूसा लश्कर के चार वरिष्ठ कमांडरों के समूह का हिस्सा था, जो 2022 से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय थे और पहलगाम समेत कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़े थे। बाकि तीन कमांडर जुनैद भट (3 दिसंबर 2024 को दाचीगाम मुठभेड़ में मारा गया), सुलेमान (28 जुलाई 2025 को ऑपरेशन महादेव में मारा गया) और यासिर 4 सितंबर 2026 को ऑपरेशन असधार में मारा गया) अलग अलग ऑपरेशन में मारे जा चुके थे।
द प्रिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2020 से 2025 तक सुरक्षाबलों ने 330 आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। इनमें से अधिकतर 26/11 हमले का मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद के संगठन लश्कर ए तैयबा से जुडे़ थे। 330 में से 270 आतंकी लश्कर से जुड़े थे।
प्रमुख आतंकियों की सूची (सक्रिय अवधि और मृत्यु वर्ष)
| संगठन | नाम | सक्रिय अवधि | मारे गए वर्ष |
|---|---|---|---|
| हिज्बुल मुजाहिदीन | बुरहान वानी | लगभग 6 साल (2010–2016) | 2016 |
| हिज्बुल मुजाहिदीन | सबजार अहमद भट | लगभग 2 साल (2015–2017) | 2017 |
| हिज्बुल मुजाहिदीन | रियाज नैकू | लगभग 8 साल (2012–2020) | 2020 |
| हिज्बुल मुजाहिदीन | जाकिर मूसा | लगभग 6 साल (2013–2019) | 2019 |
| लश्कर-ए-तैयबा | अबू दुजाना | लगभग 7 साल (2010–2017) | 2017 |
| लश्कर-ए-तैयबा | जुनाईद भट | लगभग 2–3 साल (2022–2024) | 2024 |
| लश्कर-ए-तैयबा | सुलेमान | लगभग 3 साल (2022–2025) | 2025 |
| लश्कर-ए-तैयबा | यासिर | लगभग 4 साल (2022–2026) | 2026 |
| लश्कर-ए-तैयबा | मोहम्मद आसिफ (हाशिम मूसा) | लगभग 4 साल (2022–2026) | 2026 |
| लश्कर-ए-तैयबा | लतीफ भट | लगभग 1 साल (2025–2026) | 2026 |
| जैश-ए-मोहम्मद | कारी यासिर | कुछ वर्ष | 2020 |
| जैश-ए-मोहम्मद | फयाज पंजू | कुछ वर्ष | 2019 |
| जैश-ए-मोहम्मद | मुन्ना लाहौरी | कुछ वर्ष | 2019 |
| जैश-ए-मोहम्मद | खालिद भाई | कुछ वर्ष | 2019 |