राष्ट्रीय

Kulgam Attack: जल्दी आओ… गोली चल रही है! जवानों की दर्दभरी पुकार और गोलियों की गूंज, कुलगाम हमले का CCTV फुटेज आया सामने

CRPF Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बाइक सवार आतंकियों ने CRPF के नाके पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। हमले का CCTV फुटेज सामने आया है। वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आतंकवाद को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:34 PM IST
Kulgam Terror Attack
कुलगाम में हुआ आतंकी हमला (Photo-IANS)

Kulgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके पर हमला कर दिया। बाइक सवार आतंकियों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर मौके से भाग गए। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत स्थिर और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इस हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वीडियो काफी डार्क नजर आ रहा है। इसमें कुछ जवान चहलकदमी करते दिख रहे हैं। तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई देती है, फिर चीखने की भी आवाज आती है। 

वीडियो में शायद जवान के चिल्लाने की भी आवाज आ रही है कि इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है। इसके बाद फिर से लगातार गोलियां चलने की आवाज आ रही है। 

CRPF ने क्या कहा? 

हमले के बाद सीआरपीएफ की तरफ से बयान सामने आया है। CRPF के मुताबिक, बुधवार को दोपहर करीब सवा दो बजे कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर बाइक सवार आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हमला इतना अचानक हुआ कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। 

सीआरपीएफ ने आगे कहा कि घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर दी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। 

विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा

इस हमले की घटना को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश से आतंकवाद और हिंसा का पूरी तरह खात्मा होना चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि गृह मंत्री इस घटना पर क्या जवाब देंगे?

उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के फैसले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय गृह मंत्री ने दावा किया था कि अनुच्छेद 370 हटने से आतंकवाद का निर्णायक अंत हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने भी इस दावे का समर्थन किया था।

पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि सात साल बाद भी यदि कुलगाम के खुले बाजार में सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकी हमला हो रहा है, तो 2019 में किए गए दावों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकवाद खत्म करने के उद्देश्य में सरकार सफल नहीं हो पाई है।

Updated on:
11 Nov 2026, 5:34 PM IST
Published on: