
TMC Crisis: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी के बीच सियासी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी को गिरिश पार्क पुलिस स्टेशन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद हुए हंगामे को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से सुरक्षा की मांग किए जाने के बावजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
कुणाल घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को गिरिश पार्क पुलिस स्टेशन ने नोटिस देकर बुलाया था और उन्होंने एक नागरिक के तौर पर नोटिस का जवाब दिया। इसके बावजूद बीजेपी के लोग वहां नारेबाजी करने पहुंचे और टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें कुछ कार्यकर्ता घायल हुए।
कुणाल घोष ने दावा किया कि टीएमसी को पहले से ऐसी घटना होने की आशंका थी। इसी वजह से दो दिन पहले मुख्य सचिव से लेकर गृह सचिव तक सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद हंगामा हुआ। कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि राज्य में बार-बार नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, पुलिस थानों और नेताओं के घरों पर भी हमले हो रहे हैं। टीएमसी नेता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस और बीजेपी एक साथ काम कर रहे हैं और पुलिस के सामने ही हमले हो रहे हैं।
इस बीच, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने गिरिश पार्क पुलिस स्टेशन में बीजेपी नेताओं के खिलाफ नई जीरो FIR दर्ज कराई है। उनके वकील अर्का नाग ने इसकी जानकारी दी। वकील के मुताबिक, शिकायत में बीजेपी नेताओं शुभेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार के पिछले पांच से छह वर्षों के बयानों और पुलिस को दी गई कथित चेतावनियों का जिक्र किया गया है।
अर्का नाग ने कहा कि इन नेताओं ने कई बार मीडिया में अभिषेक बनर्जी और राज्य सरकार को निशाना बनाते हुए बयान दिए और पुलिस को भी चेतावनी दी। उन्होंने सवाल उठाया कि इन घटनाओं पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।