
Ashok Dham Temple Stampede: सावन महीने के तीसरे सोमवार को बिहार के लखीसराय में एक बड़ी घटना हो गई। यहां के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना कैसे हुई इसको लेकर डीएम शैलेंद्र कुमार का बयान सामने आया है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें भी रुकी हुई थीं। अचानक वहां एक बिजली का खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की कतार के दाहिनी ओर स्थित था। जब खंभा गिरा तो अफवाह फैल गई कि लोगों के ऊपर करंट वाला तार गिर गया है, जबकि वह केवल केबल का तार था।
उन्होंने कहा कि इस अफवाह के कारण बाईं ओर लगी महिलाओं की कतार में दबाव बढ़ गया। इसके चलते महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगीं। पुलिस और प्रशासन की टीमें वहां सुबह 3 बजे से ही गश्त और निगरानी कर रही थीं। यह घटना अचानक हुई और महज 2 मिनट के भीतर स्थिति बिगड़ गई। हम इस समय सदर अस्पताल में हैं। मृतकों में सभी महिलाएं हैं। मृतकों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि मंदिर में भीड़ ज्यादा बढ़ गई थी। करीब सुबह 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनें यहां आ गईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई। हमने पहले से ही भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए इंतजाम किए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद हमने तुरंत 10-15 लोगों को मौके पर भेजा।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक चश्मदीद ने कहा कि महिलाएं लाइन में खड़ी थीं। करीब 10–12 महिलाएं जबरदस्ती आगे घुसने लगीं और हमें धक्का देने लगीं। हम गिर गए और करीब 20–25 महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। भीड़ के नीचे दब जाने के कारण कई महिलाएं बेहोश हो गईं। यह घटना भारी भीड़ होने की वजह से हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रदेश सरकार में मंत्री विजय सिन्हा अशोक धाम मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने सीनियर अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।