राष्ट्रीय

इस देश की मशहूर स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त, 15 की मौत, पर्यटकों ने कहा- कभी उम्मीद नहीं थी…

लिस्बन की प्रसिद्ध ग्लोरिया फनिक्युलर स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 18 घायल हुए हैं। पुर्तगाल ने राष्ट्रीय शोक घोषित किया है, जबकि दुनियाभर से संवेदनाएँ आ रही हैं। पर्यटकों ने इस भयावह घटना पर अविश्वास जताया है, जबकि सरकार दुर्घटना की जाँच शुरू करेगी। यह 19वीं सदी की ऐतिहासिक स्ट्रीटकार पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है।
2 min read
Sep 04, 2025
Feature image
लिस्बन की मशहूर स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त। (फोटो- IANS)

लिस्बन की मशहूर स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अब तक 18 लोगों के घायल होने होने की सूचना है। जिनमें से पांच की हालत गंभीर है।

बता दें कि जो स्ट्रीटकार पलटी है, वह लिस्बन की सबसे प्रसिद्ध ग्लोरिया फनिक्युलर है। पर्यटकों के बीच यह गाड़ी काफी मशहूर है। बड़ी संख्या में पर्यटक इस गाड़ी पर सवार होकर शहर में एन्जॉय करते हैं।

सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया

इस घटना के बाद पुर्तगाली राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने बेलेम पैलेस में गुरुवार से रविवार तक होने वाले पुस्तक महोत्सव को रद्द कर दिया है। वहीं, सभी दलों के नेताओं ने बुधवार को शोक व्यक्त किया और सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया।

लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने कहा कि इस घटना के बाद सभी अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हैं। यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी एक्स पर एक पुर्तगाली भाषा में अपनी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने लिखा कि मुझे प्रसिद्ध एलिवेडोर दा ग्लोरिया के पटरी से उतरने की खबर सुनकर दुख हुआ। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने बुधवार शाम कहा कि वह लिस्बन में ग्लोरिया फनिक्युलर की भयानक दुर्घटना से स्तब्ध हैं।

क्या बोले इतालवी विदेश मंत्री?

इतालवी विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने लिखा कि उन्होंने पुर्तगाली विदेश मंत्री पाउलो रंगेल से मुलाकात की और पीड़ितों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की। लिस्बन स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में दुर्घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी है।

दूतावास ने कहा कि हम मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हैं और पुर्तगाल के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं। सभी प्रभावित लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है।

पुर्तगाली सरकार ने कहा कि बचाव अभियान समाप्त होने के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू होगी। यह दुर्घटना मध्य लिस्बन में एवेनिडा दा लिबरडेड के पास हुई। फनिक्युलर का डिब्बा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटनास्थल पर मौजूद शिन्हुआ के पत्रकारों ने पुलिस को घटनास्थल के आसपास के एक बड़े इलाके की घेराबंदी करते देखा, जबकि दर्जनों पुलिस अधिकारी और अग्निशमन कर्मी बचाव अभियान चला रहे थे।

क्या बोले पर्यटक?

एक स्पेनिश पर्यटक, फेलिप ने बताया कि उन्होंने लिस्बन के केंद्र में स्थित इतने प्रसिद्ध स्थल पर इतनी गंभीर दुर्घटना की कभी उम्मीद नहीं की थी। अन्य लोगों ने भी अविश्वास व्यक्त किया।

बता दें कि यह फनिक्युलर से जुड़ी पहली दुर्घटना नहीं है। 2018 में भी इसी तरह की एक दुर्घटना हुई थी, हालांकि उस समय कोई घायल नहीं हुआ था। ग्लोरिया फनिक्युलर का निर्माण 19वीं सदी के अंत में हुआ था।

यह स्ट्रीट कार रेस्टॉराडोरेस स्क्वायर और प्रिंसिपे रियल जिले के बीच चलती है। यह गाड़ियां पीले रंग की होती हैं और खड़ी ढलानों पर चलती हैं। यह हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है।

Updated on:
04 Sept 2025 08:56 am
Published on:
04 Sept 2025 08:56 am
Also Read
View All