
कोलकाता। महानगर के उपनगरीय इलाके गरिया के फरताबाद में लिव-इन रिश्ते का दर्दनाक अंत सामने आया है। एक फ्लैट से शनिवार रात एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बारासात निवासी सार्थक सरकार के रूप में हुई है। वह फरताबाद स्थित किराये के फ्लैट में अपनी लिव-इन पार्टनर सांचालिका बसु के साथ रह रहा था। इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में सांचालिका को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में कथित संलिप्तता के संदेह में उसकी मां मौमिता बसु को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार रात किसी बात को लेकर सार्थक और सांचालिका के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सांचालिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर सांचालिका को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसकी मां मौमिता बसु को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं को संदेह है कि हत्या की इस घटना में उनकी भी कोई भूमिका हो सकती है।
फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि शनिवार रात दोनों के बीच विवाद किस वजह से हुआ था। क्या मामूली कहासुनी के दौरान ही मामला हिंसा तक पहुंच गया या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में एक अहम सवाल यह भी है कि हत्या की वारदात में सांचालिका की मां की क्या भूमिका रही।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ना चाहती है। इसके लिए जांचकर्ता उन्हें पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी में हैं। एक साथ जीवन बिताने के इरादे से किराये के फ्लैट में रह रहे सार्थक और सांचालिका के रिश्ते का इस तरह हिंसक अंत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।