राष्ट्रीय

लोकसभा चुनाव 2024: राहुल गांधी को कांग्रेस ने दिए 1.40 करोड़, TMC ने प्रत्याशियों को दिए 75-75 लाख रुपए

लोकसभा चुनाव 2024: चुनाव आयोग ने चुनाव में खर्च की जानकारी सार्वजनिक की है। इसमें बसपा, वायएसआर कांग्रेस, अन्नाद्रमुक ने अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए कोई पैसा नहीं दिया है।
2 min read
• •
Updated: 31 Aug 2024, 11:24 AM IST
Feature image

कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को वायनाड और रायबरेली से लोकसभा चुनाव-2024 में खर्च के लिए 1.40 करोड़ रुपए दिए। राजनीतिक दलों की ओर से लोकसभा चुनाव में 'आंशिक चुनाव व्यय विवरण' की जानकारी देने के बाद चुनाव आयोग ने इसे सार्वजनिक किया है। भाजपा के खर्च का विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। मायावती की बसपा, जगनमोहन रेड्डी की वायएसआर कांग्रेस, महबूबा मुफ्ती की पीडीपी और तमिलनाडु की अन्नाद्रमुक ने अपने उम्मीदवारों को कोई राशि नहीं दी।

सबसे ज्यादा विक्रमादित्य को कांग्रेस ने दिया पैसा

जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने राहुल गांधी को वायनाड व रायबरेली के लिए 70-70 लाख रुपए दिए जबकि सबसे ज्यादा 87 लाख रुपए मंडी से चुनाव लड़े विक्रमादित्य सिंह को दिए जो भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ी अभिनेत्री कंगना रानौत से हार गए। असम की धुबरी सीट से चुनाव लड़े रकीबुल हुसैन 75 लाख रुपये दिए गए जबकि कांगड़ा से चुनाव लड़े पूर्व मंत्री आनंद शर्मा को 46 लाख रुपए दिए गए। अमेठी सीट पर स्मृति ईरानी को हराने वाले किशोरीलाल शर्मा को 70 लाख और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को 50 लाख रुपए दिए गए।

सपा: अयोध्या के अवधेश को 20 लाख

अयोध्या से सांसद बने अवधेश प्रसाद को चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी ने 20 लाख रुपए दिए। उन्होंने भाजपा के दिग्गज लल्लूसिंह को हराया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव काे पार्टी ने 60 लाख जबकि उनकी पत्नी को 72.15 लाख रुपए दिए।

क्षेत्रीय दलों में टीएमसी आगे

तृणमूल कांग्रेस - प.बंगाल के 42 सहित 48 उम्मीदवारों को - 75 लाख रुपए (प्रत्येक को)

डीएमके - तमिलनाडु व पुड्डुचेरी में सभी उम्मीदवारों को 70 लाख रुपए(प्रत्येक को)

बीजेडी - ओडिशा में लोकसभा उम्मीदवारों को 50-50 लाख और विधानसभा उम्मीदवारों को - 30-30 लाख

यह है खर्च सीमा

लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च की सीमा अरुणाचल प्रदेश, गोवा और सिक्किम को छोड़कर सभी राज्यों में 95 लाख रुपये है। केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में यह सीमा 95 लाख रुपये है, जबकि अन्य में 75 लाख रुपये है।

Updated on:
31 Aug 2024, 11:24 AM IST
Published on: