
Lok Sabha Elections 2024 : हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने मंडी लोकसभा सीट पर 'क्वीन' के नाम से मशहूर सिने अभिनेत्री कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाकर इसे देश की सबसे हॉट सीटों में शुमार कर दिया है। कंगना के सामने कांग्रेस किसे उतारेगी, हिमाचल में यह बड़ा सवाल बना हुआ है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश में सातवें और आखिरी चरण में 1 जून को चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। इसके साथ ही विधानसभा की 6 सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं। ठंडे व पहाड़ी प्रदेश की सियासत में कंगना रनौत के उम्मीदवार बनाते ही गर्माहट आ गई है। देशभर में इसको लेकर चर्चा हो रही है। वहीं कांग्रेस पर अब सबकी निगाह टिकी हुई है, वह इस सीट से किसे उम्मीदवार बनाएगी।
फिलहाल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी से सांसद हैं। प्रतिभा सिंह हिमाचल के पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। हिमाचल में वीरभद्र पूर्व राजपरिवार के होने के चलते उन्हें 'राजा साहिब' और प्रतिभा सिंह को 'महारानी' नाम से पुकारा जाता रहा है। ऐसे में कांग्रेस फिर से प्रतिभा को मंडी से उम्मीदवार बनाती है तो यह मुकाबला 'क्वीन' बनाम 'महारानी' के बीच हो सकता है। हालांकि उपचुनाव में व्यस्तता के चलते प्रतिभा सिंह चुनाव नहीं लड़ना चाहती है। फिर भी उन्होंने कहा है कि यदि आलाकमान कहेगा तो वे चुनाव लडऩे को तैयार हैं।
नए चेहरे उतारेगी कांग्रेस
मंडी लोकसभा सीट छोड़कर कांग्रेस का तीन अन्य सीटों पर नए चेहरों को उतारने की तैयारी कर रही है। हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार पर संकट के बादल के चलते वर्तमान विधायकों को लोकसभा चुनाव नहीं लड़ाने का निर्णय किया गया है।
हमीरपुर से अनुराग पांचवी बार जीत के प्रयास में
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 2008 के लोकसभा का उपचुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचे। इसके बाद 2009, 2014 और 2019 में लगातार चुनाव जीते। हर बार जीत का अंतर बढ़ता चला गया। पांचवी बार चुनाव जीतने के लिए ठाकुर ने हमीरपुर से ताल ठोक रखी है। इसके अलावा भाजपा ने कांगड़ा से राजीव भारद्वाज व शिमला से सुरेश कुमार कश्यप को उम्मीदवार बनाया है।