राष्ट्रीय

Lok Sabha Elections 2024 : ख्वाहिशें, अरमान और जन्नत की हकीकत

Lok Sabha Elections 2024 : पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के वादे अभी पूरी तरह पचे भी नहीं कि लो लोकसभा चुनाव आ गए। पढ़िए सुप्रिया शर्मा की विशेष रिपोर्ट...

2 min read

Lok Sabha Elections 2024 : पलक झपकते ही फिर चुनाव। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के वादे अभी पूरी तरह पचे भी नहीं कि लो लोकसभा चुनाव आ गए। अब आ गए तो हमारे दो बंधु, पाठक दिल अजीज, विदूषकों के आदर्श पुरुष और हमारे दोस्त, बहुत खुश हैं। नाम हैं कमल खिलावन और पंजा सिंह। आप पिछले चुनावों में दोनों से मिल ही चुके हैं।


कमल खिलावन:
क्यों भाई पंजा सिंह जी। कैसे बीते ये चार महीने, दिखे ही नहीं।
पंजा सिह: यात्रा में था। न्याय की तलाश में।

कमल खिलावन: पहली यात्रा कम थी तुम्हारी जो फिर निकले। और इस बार तो क्या ही निकले। चचा गालिब कह गए हैं - हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले, बहुत निकले मिरे अरमां लेकिन फिर भी कम निकले।
पंजा सिंह: हमारे तो अरमान ही कम निकले पर.. आपके इलेक्टोरल बॉन्ड? बहुत निकले।

कमल खिलावन: मिले तो आपको भी हैं। हमारी फैन-फॉलोइंग ज्यादा है, लहर कहते हैं इसे लहर।
पंजा सिंह: चचा गालिब आप के लिए भी कुछ कह गए हैं- हम को मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन, दिल बहलाने को गालिब ये खयाल अच्छा है।

कमल खिलावन: समय कम है, काम ज्यादा है। चुनाव पर फोकस करो बंधु। गठबंधन टांय टांय फिस्स हो रहा है तुम्हारा।
पंजा सिंह: हम एक हैं, मजबूत हैं। छठी का दूध याद दिला देंगे, इस बार।

कमल खिलावन: ब्रेन तो जेल चले गए आपके गठबंधन के। अब ‘आपका’ क्या होगा जनाबे आली?
पंजा सिंह: आप पर्सनलाइज हो रहे हैं। ये लोकतंत्र की स्वस्थ परम्परा के खिलाफ है।

कमल खिलावन: मैं तो किशोर कुमार का लावारिस फिल्म में गाया फेमस सॉन्ग गा रहा हूं। जिसमें भविष्य वक्ता अमिताभ बच्चन ने 2024 की भविष्यवाणी की थी। नास्त्रेदमस सरीखी...
पंजा सिंह: क्या बड़बड़ा रहे हो... कुछ समझ नहीं आ रहा।

कमल खिलावन: सुनो... समझ आ जाएगा...
अपनी तो जैसे तैसे, थोड़ी ऐसे या वैसे..., आपका क्या होगा , जनाबे आली..., आपका क्या होगा...?
पंजा सिंह: देख लूंगा। मैं इस गाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा। अगली बार मिलोगे तो जवाब दूंगा... छोड़ूगा नहीं तुम्हें।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024 पूर्वांचल की 27 सीटें तय करेंगी यूपी में राजनीति की दशा-दिशा, मोदी-योगी की पुरवइया बयार का रुख बदलना चुनौती

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024 4 पश्चिम बंगाल की 10 सीटों पर दिलचस्प होगी टक्कर, चुनावी रण के अहम किरदार होंगे रेखा, यूसुफ, अधीर व सीएए

Also Read
View All