14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गुजरात चुनाव में आएगा बदलाव का तूफान, बनेगी कांग्रेस की सरकार, अमित चावड़ा बोले- पढ़े-लिखे युवाओं को देंगे टिकट

Gujarat Assembly Election: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने दावा किया कि अगले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी और पार्टी पढ़े-लिखे युवाओं को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारेगी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सूरत

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 14 Nov 2026, 5:10 PM IST

Amit Chavda

अमित चावड़ा। फाइल फोटो- पत्रिका

Gujarat Politics: आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने राजकोट में दावा किया कि गुजरात में बदलाव की हवा नहीं, बल्कि बदलाव का तूफान चलेगा और कांग्रेस सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि आज की जेन-जी पीढ़ी देशभर में नई आजादी की लड़ाई लड़ रही है। युवाओं ने बदलाव का मन बना लिया है और कांग्रेस आगामी चुनाव में पढ़े-लिखे युवाओं को चुनाव लड़ने का मौका देगी।

'लोकतंत्र में जनता सबसे ऊपर'

चावड़ा राजकोट में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस तरह अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई में युवाओं ने आगे बढ़कर हिस्सा लिया था, उसी तरह आज की जेन-जी पीढ़ी गुजरात सहित पूरे देश में बदलाव की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस ने हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रतिनिधित्व देने का काम किया है। पार्टी आगामी चुनाव में भी पढ़े-लिखे युवाओं और समाज के लिए काम करने की इच्छा रखने वाले लोगों को मौका देगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अलग-अलग समाज अपने प्रतिनिधियों को टिकट दिलाने के लिए दबाव बनाते हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता सबसे ऊपर है।

विचार गोष्ठी का आयोजन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजकोट में प्रदेश कांग्रेस समिति के विचार विभाग की ओर से आयोजित विचार गोष्ठी में शामिल हुए। जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर 'आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू का योगदान' विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। चावड़ा ने कहा कि आजादी के समय देश में अनाज, भोजन और प्रशासन से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं थीं। उस दौर में महात्मा गांधी और सरदार पटेल सहित अन्य नेताओं के साथ नेहरू ने देश को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आधुनिक भारत की नींव रखने में भी उनका योगदान रहा।

किसानों, युवाओं और व्यापारियों के मुद्दों पर संघर्ष करेगी कांग्रेस

चावड़ा ने गुजरात के किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के मुद्दे उठाने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक संकट, पीने के पानी और पशुओं के चारे की कमी से परेशान हैं। युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कांग्रेस इन सभी वर्गों के अधिकारों और समस्याओं के लिए आवाज उठाएगी। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में भाजपा सत्ता में है, लेकिन आज भी लोगों को शुद्ध पेयजल, सस्ती शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

भाजपा में अंदरूनी खींचतान का भी लगाया आरोप

चावड़ा ने भाजपा सरकार पर प्रशासनिक पकड़ कमजोर होने और पार्टी में अंदरूनी खींचतान के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को किनारे किया जा रहा है और अयोग्य लोगों को आगे बढ़ाया जा रहा है। पार्टी के विवादों को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद गुजरात आना पड़ता है। यह भाजपा के नेतृत्व की स्थिति को दिखाता है। उन्होंने कहा कि जब सरकार आम जनता के बजाय कुछ चुनिंदा लोगों के हित में काम करने लगे तो जनता को बदलाव का फैसला लेना पड़ता है। चावड़ा ने दावा किया कि गुजरात में लोगों के बीच बढ़ रहा असंतोष आगामी विधानसभा चुनाव में बड़े बदलाव का रूप लेगा।