
Lok Sabha Seating Arrangement News: संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा में सांसदों के बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल का असर विपक्षी INDIA ब्लॉक के कई दलों पर पड़ा है। सबसे अहम बदलाव द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के सांसदों की सीटों को लेकर हुआ है। अब DMK सांसद कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के अन्य दलों के सांसदों से अलग बैठेंगे। लोकसभा सचिवालय की ओर से किए गए इस बदलाव के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले की सीट भी बदल दी गई है। अब वह DMK सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी। वहीं, शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत को भी नई सीट आवंटित की गई है। पहले वह सीट नंबर 433 पर बैठते थे, जबकि अब उन्हें सीट नंबर 500 दिया गया है।
DMK सांसदों की सीट बदलने की मांग पहले ही उठाई जा चुकी थी। इस साल मई में पार्टी की सांसद कनिमोझी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर DMK सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। कनिमोझी ने अपने पत्र में कहा था कि बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए DMK सांसदों का कांग्रेस के साथ बैठना उचित नहीं होगा। उन्होंने इसके पीछे तमिलनाडु में दोनों दलों के बीच गठबंधन खत्म होने को वजह बताया था। उनका कहना था कि जब दोनों पार्टियां राज्य में अलग-अलग राजनीतिक रास्ते पर हैं, तो संसद में भी उनके सांसदों के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए।
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद DMK और कांग्रेस के रिश्तों में खटास आ गई थी। कांग्रेस ने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को समर्थन देने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ गई।
लोकसभा में सीटिंग व्यवस्था के इस फेरबदल का असर केवल DMK सांसदों तक सीमित नहीं है। समाजवादी पार्टी, NCP (शरद पवार गुट), शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के कुछ सांसदों की सीटों में भी बदलाव किया गया है।