Om Birla at Geneva Meet:लोकसभा अध्यक्ष इस समय स्विट्जरलैंड के दौरे पर गए हैं। उन्होंने वहां भारतीय प्रवासियों के लिए कहा कि भारत के प्रवासी देश के ब्रांड एंबेसडर हैं।
Om Birla at Geneva Meet: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने कहा कि विश्व के सबसे युवा और तेजी से प्रगति कर रहे देशों में से भारत एक है। नए भारत में अपार ऊर्जा और अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में हुई प्रगति से 250 मिलियन लोगों की गरीबी दूर हुई है। वहीं उन्होंने भारतीय प्रवासियों की उपलब्धियों को सभी भारतीयों के गर्व से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी देश के ब्रांड एंबेसडर हैं और वे जिस देश में भी रहते हैं, वहां पारिवारिक संबंधों और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं। बिरला ने यह बातें जिनेवा में भारतीय प्रवासियों के सम्मेलन में कहीं।
बिरला जिनेवा में 149 वीं अंतर संसदीय संघ (IPU) एसेम्बली में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल (IPD) का नेतृत्व कर रहे हैं। बिरला ने कहा कि आईपीयू एसेम्बली में भारत की सक्रिय भागीदारी न केवल भारत की संसदीय कूटनीति की मजबूती को दर्शाती है बल्कि साझा वैश्विक चुनौतियों के समाधान के उद्देश्य से वैश्विक संवाद में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करती है। बिरला ने यह भी कहा कि विविधता और समावेशिता ही भारतीय समुदाय की विशेषता है। बिरला ने कहा कि जिनेवा में रह रहे भारतीय समुदाय ने अपने देश के लिए प्रेम के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत में योगदान का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रवासियों को दशहरा और दीवाली की शुभकामनाएं दीं।
जिनेवा में विश्व की कई संसदों के अध्यक्षों में बिरला से मुलाकात की होड़ लगी रही। वे बातचीत के दौरान बिरला से उनकी कार्यप्रणाली का राज जानने को उत्सुक नजर आए। उनसे मिलने वालों में सेशेल्स की नेशनल असेंबली के स्पीकर रोजर मैनसिएन, ओमान स्टेट काउंसिल की कंसलटेटिव एसेम्बली के स्पीकर खालिद अल मावली, नामीबिया की नेशनल असेंबली के स्पीकर पीटर कजाविवि प्रमुख रहे। लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने आइपीयू की प्रेसिडेंट तुलिया एक्सन से भी मुलाकात की।
यह भी पढ़ें - JK President Rule: जम्मू कश्मीर से 6 साल बाद हटा राष्ट्रपति शासन, Omar Abdullah 16 अक्टूबर को लेंगे CM पद की शपथ