राष्ट्रीय

दिल्ली में LPG डीलरों की हड़ताल से FLDI ने किया किनारा, कहा- गैस की सप्लाई में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए

दिल्ली में LPG वितरकों की प्रस्तावित हड़ताल से FLDI ने दूरी बनाई है। संगठन ने वितरकों से गैस सिलेंडर की सप्लाई और डिलीवरी जारी रखने की अपील की। तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय से बातचीत जारी है।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 8:56 AM IST
एलपीजी सिलेंडर (Photo Source - Patrika)
एलपीजी सिलेंडर (Photo Source - Patrika)

दिल्ली में एलपीजी डीलरों की प्रस्तावित हड़ताल और विरोध प्रदर्शन से फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया (एफएलडीआई) ने किनारा कर लिया है। संगठन ने इस का हड़ताल का समर्थन करने से साफ इनकार किया है।

एफएलडीआई ने खुद को इस मामले से किनारा करते हुए सभी डीलरों से गैस की सप्लाई और डिलीवरी जारी रखने की अपील की है। संगठन ने बताया है कि वितरकों की मांगों को पूरा कराने के लिए तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ बातचीत चल रही है। ऐसे में बातचीत के सभी रास्ते आजमाए बिना विरोध प्रदर्शन करना सही कदम नहीं है।

'हड़ताल के आह्वान पर ध्यान देने के बजाय अपना काम जारी रखें'

संगठन ने कहा कि ग्राहकों तक बिना किसी रुकावट के एलपीजी पहुंचाना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वितरकों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट संदेशों और हड़ताल के आह्वान पर ध्यान देने के बजाय अपना काम जारी रखें, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हड़ताल के बजाय बातचीत पर जोर

एफएलडीआई ने आगे कहा कि वह दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन नहीं करता। संगठन ने कहा वितरकों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए बातचीत, ठोस फैसलों और लगातार प्रयासों की जरूरत है।

एफएलडीआई ने यह भी कहा है कि किसी भी विवाद का समाधान तभी निकल सकता है, जब संबंधित पक्ष बातचीत के जरिए समस्याओं को समझें और उन्हें दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाएं। संगठन ने कहा कि वह वितरकों की मांगों को लेकर गंभीर है और उन्हें हल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल विरोध प्रदर्शन करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके बजाय तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ चल रही बातचीत को आगे बढ़ाना ज्यादा उपयोगी होगा।

तेल कंपनियों और मंत्रालय से मिल रहा आश्वासन

एफएलडीआई ने कहा कि वितरकों की समस्याओं और मांगों को तेल कंपनियों तथा पेट्रोलियम मंत्रालय के सामने रखा गया है। संगठन का दावा है कि उनकी चिंताओं को सुना जा रहा है और जल्द समाधान निकालने का भरोसा मिला है।

हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वितरकों की किन मांगों पर सहमति बनी है या उनके समाधान के लिए कोई निश्चित समयसीमा तय हुई है। इसके बावजूद संगठन को उम्मीद है कि बातचीत और ठोस फैसलों के जरिए विवाद को खत्म किया जा सकता है।

Updated on:
25 Oct 2026, 8:56 AM IST
Published on: