राष्ट्रीय

LPU में छात्रों का प्रदर्शन हुआ उग्र, पुलिस से झड़प के बाद इंटरनेट सेवाएं निलंबित, SIT गठित

Lovely Professional University: LPU में प्रदर्शन के बीच इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने मिड-टर्म परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं, और पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की है। जानें क्या हैं पूरा मामला...
2 min read
LPU Protest in punjab
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, इंटरनेट सेवाएं बंद (फोटो सोर्स-@vishalpcbvisha1)

LPU Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्र प्रदर्शन के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ और पुलिस के साथ झड़प की बात सामने आई है। पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ यौन उत्पीडन का मामला दर्ज कर सात सदस्यीय SIT गठित की है। वहीं, विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। गुस्से में आए छात्रों ने जमकर हंगामा किया, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख प्रशासन को इंटरनेट बंद करने के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती बढ़ानी पड़ी।

इलाके में इंटरनेट बंद, पुलिस तैनात

यूनिवर्सिटी और उसके आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। कैंपस के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

कैंपस में आधी रात को भड़की हिंसा, हाईवे किया जाम

घटना के विरोध में आधी रात को हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी की इमारतों में तोड़फोड़ की और कैंपस के कुछ हिस्सों में आगजनी भी की। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे के एक हिस्से को पूरी तरह से बंद कर दिया। रविवार दोपहर को जब पुलिस ने रास्ता खाली कराने की कोशिश की, तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने दर्ज की FIR, 7 सदस्यीय SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है। निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस प्रशासन ने 7 सदस्यों की एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। हालांकि, रविवार शाम को यूनिवर्सिटी अधिकारियों और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही, जिससे कैंपस में तनाव बरकरार है।

परीक्षाएं स्थगित, 10 दिनों तक क्लासेस निलंबित

लगातार बिगड़ते माहौल को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है। LPU प्रशासन ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाएं रद्द कर दी हैं। इसके अलावा, चल रही मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी ने कहा है कि परीक्षाओं का नया शेड्यूल UMS पोर्टल के जरिए छात्रों को अलग से भेजा जाएगा।

Updated on:
28 Sept 2026 09:54 am
Published on:
28 Sept 2026 08:48 am