
TASMAC Liquor Shops: मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने बुधवार को तमिलनाडु में नई तस्माक शराब दुकानों को खोलने पर रोक लगाने का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अदालत ने कहा कि राज्य में पहले से पर्याप्त संख्या में शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं और नई दुकानों की आवश्यकता नहीं है।
तिरुचिरापल्ली जिले के एक निवासी द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया। याचिकाकर्ता मणिकंठन ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि उनके गांव नल्लामपिल्लै के नवकिनाथापट्टी क्षेत्र में नई तस्माक दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्तावित दुकान पर रोक लगाने की मांग की थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की कि तमिलनाडु में पहले से ही पर्याप्त तस्माक दुकानें हैं और अतिरिक्त दुकानों की स्थापना की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बाद न्यायालय ने केवल संबंधित गांव तक सीमित आदेश देने के बजाय पूरे राज्य में नई तस्माक दुकानों के उद्घाटन पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया।
यह आदेश ऐसे समय आया है जब विभिन्न राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन और मद्यनिषेध समर्थक समूह लंबे समय से राज्य में शराब दुकानों की संख्या कम करने की मांग उठाते रहे हैं। शराब बिक्री का मुद्दा तमिलनाडु में लगातार बहस का विषय बना हुआ है। शराब सेवन के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ने वाले सामाजिक और आर्थिक प्रभावों को लेकर भी चिंताएं व्यक्त की जाती रही हैं।
हालांकि अदालत ने नई शराब दुकानों पर रोक लगाई है, लेकिन राज्य में पहले से संचालित तस्माक दुकानों को बंद करने संबंधी कोई निर्देश जारी नहीं किया है। याचिका का निस्तारण इसी निर्देश के साथ कर दिया गया।
तमिलनाडु में TASMAC से प्राप्त राजस्व
| वित्तीय वर्ष | कुल राजस्व |
|---|---|
| 2022-23 | ₹44,121 करोड़ |
| 2023-24 | ₹45,855 करोड़ |
| 2024-25 | ₹48,344 करोड़ |
तमिलनाडु की बात की जाए तो उसके राजस्व में शराब की बिक्री से होने वाली आय का बड़ा हिस्सा है। तमिलनाडु सरकार के गृह, मद्यनिषेध एवं आबकारी विभाग की आधिकारिक पॉलिसी नोट में दर्ज तस्माक से प्राप्त राजस्व पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इस प्रकार रहा।