
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझकम (टीवीके) के एक विधायक पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर मद्रास हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है।
कोर्ट ने पीड़िता की पहचान उजागर होने से रोकने के लिए मामले की मीडिया कवरेज पर रोक लगा दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर पहले से मौजूद संबंधित पोस्ट हटाने और आगे ऐसी कोई सामग्री प्रकाशित नहीं करने का आदेश दिया है।
जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन की पीठ ने मंगलवार को कहा कि यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील मामले में मीडिया को जिम्मेदारी और समझदारी दिखानी चाहिए थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, इसलिए अदालत को दखल देना पड़ा। कोर्ट ने यह भी कहा कि पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना महिलाओं को शर्मिंदा करने का पुराना तरीका रहा है।
यह मामला टीवीके के कल्लाकुरिची से विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि महिला के साथ उत्पीड़न किसी खास समय, जगह, आर्थिक स्थिति या पद को देखकर नहीं होता।
हाईकोर्ट ने यौन उत्पीड़न के मामलों में गोपनीयता बनाए रखने के कानूनी प्रावधानों का हवाला दिया। कोर्ट ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से जुड़े कानून (PoSH Act), 2013 की धारा 16 के तहत शिकायतकर्ता, आरोपी और गवाहों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
इसके अलावा जांच की प्रक्रिया, कमेटी की रिपोर्ट और उसकी सिफारिशों से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक करने पर रोक है। अदालत ने कहा कि लिखित शिकायत दर्ज होते ही गोपनीयता से जुड़े ये नियम लागू हो जाते हैं।
कोर्ट ने प्रेस और मीडिया संस्थानों को धारा 16 के दायरे में आने वाली किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने से रोक दिया है। सोशल मीडिया पर पहले से मौजूद पोस्ट हटाने की जिम्मेदारी पुलिस के साइबर क्राइम विभाग को सौंपी गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है।
मंगलवार को सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार के लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि मामले में सोमवार को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है। सरकार ने एफआईआर को ऑनलाइन उपलब्ध नहीं कराने के लिए भी कदम उठाए हैं।
हाईकोर्ट ने राज्य के लोक अभियोजक की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साथ ही तमिलनाडु के मुख्य सचिव को PoSH Act के तहत एक आंतरिक शिकायत समिति गठित करने का भी निर्देश दिया, जो शिकायत की जांच करेगी।
अदालत ने मामले की पुलिस जांच को लेकर भी अहम निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा कि आरोपी एक संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए जांच और उसकी निगरानी जिला स्तर से ऊपर के अधिकारियों के जरिए होनी चाहिए।
इसके लिए तिरुपुर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) एन. कामिनी को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इस मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।