
Mahua Moitra: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत और TMC की हार के बाद राज्य में जहां हिंसा में वृद्धि हुई है, वहीं तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को भी लोगों के विरोध-प्रदर्शन का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, महुआ मोइत्रा ने विमान के भीतर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए जाने का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया 'एक्स' पर साझा किया है। इस घटना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाइट के अंदर उनके साथ उत्पीड़न हुआ और उनकी सुरक्षा से समझौता किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो पोस्ट करते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा कि विमान में इस तरह की हरकत स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने जानबूझकर उन्हें परेशान करने की कोशिश की और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
महुआ मोइत्रा ने दिल्ली पहुंचने के बाद इंडिगो की फ्लाइट में हुई घटना का वीडियो साझा करते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह सरकारी कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली गई थीं, जहां उन्हें रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेना था। उन्होंने कहा कि वह इंडिगो की फ्लाइट 6E 719 में सीट 1F पर बैठी थीं।
उनके मुताबिक, फ्लाइट में 4 से 6 लोगों का एक समूह सवार हुआ, जिसने पहले उन्हें घूरा और बाद में विमान के पीछे जाकर बैठ गया। महुआ मोइत्रा का आरोप है कि दिल्ली में विमान उतरने और गेट खुलने से ठीक पहले उन लोगों ने हूटिंग शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
यह कोई जनता का गुस्सा नहीं है। यह सीधा उत्पीड़न है और विमान के भीतर मेरी सुरक्षा का उल्लंघन करता है। इन बदतमीज लोगों को फ्लाइट के अंदर इस तरह की हरकत करके बच निकलने नहीं दिया जा सकता। इंडिगो अपने क्रू की रिपोर्ट जांचे, इन लोगों की पहचान सार्वजनिक करे और इन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डाले। नागरिक उड्डयन मंत्री राजमोहन नायडू कृपया इस मामले में कार्रवाई करें। महुआ मोइत्रा ने नागरिक उड्डयन मंत्री राजमोहन नायडू के साथ ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और राहुल गांधी को टैग किया है।