राष्ट्रीय

‘चुनाव के बाद CM नीतीश से कहा जाएगा, आपकी तबीयत सही नहीं’, कांग्रेस अध्यक्ष के बयान से सियासी पारा हुआ हाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाजीपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 20 साल से बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी ये जंगलराज की बात कर रहे हैं। 

2 min read
Nov 03, 2025
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। (फोटो- IANS)

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के पक्ष में प्रचार करने के लिए अब मैदान में उतर गए हैं। सोमवार को उन्होंने हाजीपुर में भाजपा और जदयू को जमकर घेरा।

उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 20 साल से बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी ये जंगलराज की बात कर रहे हैं। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार आते हैं तो कहते हैं कि जंगलराज को हटाना है।

ये भी पढ़ें

तेजस्वी यादव के राघोपुर में दो जगह हेलिकॉप्टर उतारेंगे तेज प्रताप, बोलें- जिंदगी भर मछली पकड़ते रह जाएंगे राहुल गांधी

क्या अब तक जंगलराज खत्म नहीं कर पाए- खड़गे

खड़गे ने सवाल पूछते हुए कहा कि 20 साल से आप (एनडीए) सरकार चला रहे हैं। क्या अब तक आप जंगलराज खत्म नहीं कर पाए? इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि अब बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले हैं।

खड़गे ने कहा कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार से कहा जाएगा कि अब आपका काम हो गया। आपकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए आप घर पर बैठिए।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि पंचायत चुनाव से लेकर सांसद के चुनाव में पीएम मोदी ही घूमते हैं, हर बार उनका ही चेहरा दिखाई देता है। उनके चेहरे को देखकर लोग कितनी बार वोट देंगे।

सरकार ने रोजगार के लिए कुछ नहीं सोचा- कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि 20 साल से यही सरकार है, लेकिन आज तक कभी यहां की सरकार ने युवाओं के रोजगार के लिए कुछ नहीं सोचा। आज भी यहां के लाखों लोग रोजगार के लिए पलायन करते हैं।

कांग्रेस सबके कल्याण की बात करती है- खड़गे

खड़गे ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि जब यह सरकार 20 साल में कोई काम नहीं कर सकी तो आगे क्या करेगी? उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस को सर्व समाज की पार्टी भी बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सबके कल्याण की बात करती है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की। गरीबों के लिए कांग्रेस बराबर काम करती रही है।

Also Read
View All

अगली खबर