राष्ट्रीय

मल्लिकार्जुन खरगे का अमित शाह पर पलटवार, कहा – ‘जब मैं विधायक बना था तब वह बच्चे थे, हमें देशभक्ति न सिखाएं’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए उनके वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर लगाए आरोपों पर पलटवार किया है।
2 min read
Aug 18, 2026
Mallikarjun Kharge
मल्लिकार्जुन खरगे (Photo - ANI)

वंदे मातरम् को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) द्वारा कांग्रेस (Congress) पर लगाए गए आरोपों पर पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) की प्रतिक्रिया सामने आ गई है। सोमवार को गोवा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक कार्यक्रम में खरगे ने शाह के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, "जब मैं पहली बार विधायक बना था, तब अमित शाह बच्चे थे और आज हमें देशभक्ति सिखा रहे हैं। बीजेपी (BJP) और इनके पुरखों ने कभी आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी, इसलिए ये लोग कांग्रेस के लोगों को देशभक्ति न सिखाएं।"

बीजेपी को बताया 'एंटी-इंडिया' और 'एंटी-रिलिजन'

खरगे ने आगे कहा, "असल में 'एंटी-इंडिया' और 'एंटी-रिलिजन' तो बीजेपी है, क्योंकि जब मैंने उत्तराखंड में भाषण दिया तो बीजेपी के लोगों ने भाषण मंच का शुद्धिकरण कर दिया। क्या बीजेपी को उनके गुरुओं ने यही सिखाया है?" खरगे ने सवाल किया कि क्या किसी जनप्रतिनिधि के कार्यक्रम के बाद मंच का शुद्धिकरण करना देश और लोकतंत्र का अपमान नहीं है।

बीजेपी को बताया चोरों की सरकार

खरगे ने कहा कि बीजेपी चोरों की सरकार है। दूसरी पार्टियों को तोडक़र, विधायकों को खरीदकर अपनी सरकार बनाती है और दुनिया को नैतिकता का ज्ञान देती है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने चित्तौडग़ढ़ में कांग्रेस और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाया था।

गोवा में कांग्रेस ने वंदे मातरम् के गाए सिर्फ दो अंतरे

वंदे मातरम् विवाद के बीच गोवा में कांग्रेस के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के सिर्फ शुरुआती दो अंतरे गाए गए। दो अंतरे गाए जाने के बाद गीत समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई। बीजेपी पहले से ही कांग्रेस पर वंदे मातरम् के अपमान के आरोप लगा रही है।

सोनिया-राहुल के खिलाफ शिकायत की जांच

स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम् के गायन के दौरान कथित व्यवधान को लेकर दिल्ली पुलिस ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ मिली शिकायत की जांच शुरू की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के गायन को लेकर आपत्ति जताई गई। पुलिस शिकायत की सत्यता और मामले में किसी संभावित कानूनी कार्रवाई की जरूरत की जांच कर रही है।