CM Mamata Attack on BJP: ममता बनर्जी ने परिसीमन और SIR को लेकर केंद्र सरकार पर साजिश के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी देश को बांटने की राजनीति कर रही है।
Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए परिसीमन (Delimitation) को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि बंगाल को बांटने की एक गहरी साजिश रची जा रही है।
ममता बनर्जी ने कहा कि परिसीमन के नाम पर राज्य की राजनीतिक संरचना को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह साजिश ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ द्वारा बढ़ावा दी जा रही है। उनका कहना है कि SIR और परिसीमन के बाद अगला कदम राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) लागू करना हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि अगर उनकी सरकार सत्ता में बनी रहती है, तो वह इस तरह की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगी।
ममता ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी पूरे देश को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति के जरिए देशभर में प्रभाव डालने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने SIR (Special Intensive Revision) को ‘स्पेशल इंटेंसिव डिलीशन’ बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी वोटरों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि बीजेपी सीधे चुनाव लड़ने से बच रही है।
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और इनकम टैक्स विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि चुनाव जीतने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह खर्च किए जा रहे हैं और सरकारी ताकत का गलत इस्तेमाल हो रहा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन पर कई दिशाओं से हमले हो रहे हैं, लेकिन वह जनता के लिए लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जनता का 100 प्रतिशत समर्थन प्राप्त है और उन्हें पूरा भरोसा है कि 2026 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी।